2717 संक्रमितों ने दी कोरोना को मात
देहरादून। कोरोना का कोप अब उत्तराखंड में शांत होता जा रहा है। हर दिन कोरोना संक्रमित और मौतों के आंकड़ों में गिरावट दर्ज की जा रही है। मंगलवार को प्रदेश में 546 नये कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं आज 13 कोरोना मरीजों ने जा गवां दी। यदि संक्रमण में इसी प्रकार कमी आती गयी तो जल्द ही कोरोना पर काबू पाने में सफलता हासिल की जा सकती है। हालांकि राजधानी देहरादून में आज भी 136 नये कोरोना मरीज मिले और 10 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया।
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी कोरोना रिपोर्ट के अनुसार देहरादून में 136, पिथौरागढ़ में 88, हरिद्वार में 69, नैनीताल में 56, अल्मोड़ा में 43, ऊधमसिंह नगर में 41, टिहरी में 33, चमोली में 23, रुद्रप्रयाग में 16, बागेश्वर में 13, चंपावत में 13, और उत्तरकाशी में 8 और पौड़ी में 7 नये कोरोना मरीज मिले हैं। देहरादून में 10, नैनीताल में एक और पौड़ी में दो कोरोना संक्रमित मरीजों ने दम तोड़ दिया। मंगलवार को 2717 मरीजों ने कोरोना से जंग जीती है। प्रदेश में 6797 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
मंगलवार को ब्लैक फंगस के 28 मरीज मिले
कोरोना संक्रमण कम होने के साथ ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। मंगलवार को प्रदेश में ब्लैक फंगस के 28 नये मरीज मिले हैं। अब राज्य में ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या 332 हो गयी है। आज दो मरीजों की मौत हो जाने के बाद ब्लैक फंगस से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 50 हो गया है। अब तक 18 मरीजों ने ब्लैक फंगस से निजात पाई है।

