प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब दिया और इस दौरान हमेशा की तरह कांग्रेस पार्टी उनके निशाने पर रही. प्रधानमंत्री ने कहा कि 2024 के बाद कांग्रेस परजीवी पार्टी के रूप में जानी जाएगी. यह अराजकता फैलाने, अफवाह फैलाने में लगी हुई है. उनकी चाल आर्थिक अराजकता लाने की है. विपक्ष को जनता के जनादेश को स्वीकार करना चाहिए. इस बीच विपक्षी नेताओं ने हंगामा किया और पीएम मोदी के संबोधन के दौरान नारेबाजी करते रहे.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े चुनाव अभियान में देश की जनता ने हमें तीसरी बार देश की सेवा करने का मौका दिया है. यह अपने आप में लोकतांत्रिक दुनिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण घटना है. 2014 में जब हम पहली बार जीते थे, तब भी चुनाव प्रचार में हमने कहा था कि हम भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस रखेंगे. विपक्षी नेताओं के हंगामे के बीच पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है. भ्रष्टाचार के प्रति हमारी जीरो टॉलरेंस रहेगी। हमने जस्टिस फॉर ऑल पर काम किया है। इसीलिए जनता ने हमें तीसरी बार मौका दिया।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि 2014 से पहले कोयला घोटाले में उनके हाथ काले थे। बड़े-बड़े बैंक घोटाले किए जा रहे थे। बैंकों के खजाने को अपनी निजी संपत्ति की तरह लूटा जा रहा था। लेकिन आज भारतीय बैंक पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना रहे हैं। 2014 के बाद बैंक सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाले संस्थान बन गए। आज देश का आत्मविश्वास चरम पर है। 2014 से पहले आतंकवादी जहां चाहते थे, हमला कर सकते थे। मोदी ने कहा कि निर्दोष लोग मारे जाते थे और सरकारें चुपचाप बैठी रहती थीं। लेकिन आज भारत कुछ भी कर सकता है।
मोदी ने कहा कि हम अर्थव्यवस्था को तीसरे नंबर पर ले जाएंगे। हम सेमीकंडक्टर सेक्टर में बड़ा काम करने जा रहे हैं। हमारा लक्ष्य सफलता को अगले स्तर पर ले जाना है। भारत अपना ही रिकॉर्ड तोड़ेगा। आज भारत के लक्ष्य बहुत बड़े हैं। हमने तेज गति से तीन करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। हमने 4 करोड़ घर बनाए हैं और 3 करोड़ और घर बनाए जाएंगे। तीसरे कार्यकाल का मतलब है कि हम देश के विकास के लिए 3 गुना मेहनत करेंगे और 3 गुना परिणाम देंगे।

