- ट्वीट किये गये वीडियो में किसान को कुचलकर आगे बढ़ती दिख रही है गाड़ी
लखीमपुर खीरी/ नई दिल्ली। लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में नौ लोगों की मौत के बाद यूपी सरकार ने मृत किसानों के परिवार को आर्थिक सहायता व सरकारी नौकरी देने का ऐलान कर हालात काबू में करने के प्रयास किये हैं। मगर विपक्षी दलों के तेवर अभी तीखे हैं और वह योगी सरकार को इस प्रकरण में बख्शने के मूड में नहीं दिख रहे। अब लखीमपुर खीरी हिंसा का एक वीडियो यूपी कांग्रेस और आम आदमी ने ट्वीट करते हुए इसे हत्या बताया है। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी को ट्वीट कर पूछा है कि अन्नदाता को कुचलने वाले व्यक्ति को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया।
Read also: सिद्धू लखीमपुर खीरी हिंसा के खिलाफ प्रदर्शन करते हिरासत में लिए गए
लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा का बताया जा रहा वायरल वीडियो यूपी सरकार के लिये नयी परेशानी बन गया है। इस वायरल वीडियो में गाड़ी रोकने का प्रयास कर रहे एक किसान को कुचलते हुए आगे बढ़ती गाड़ी दिख रही है। इस वीडियो को शेयर करते हुए आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कुछ मीडिया चैनलों पर सवाल खडे़ करते हुए कहा है कि क्या अब भी किसी तरह के प्रमाण की आवश्यकता है। वहीं यूपी कांग्रेस ने वीडियो ट्वीट कर कह कि न किसान उपद्रव मचा रहा था, न गाड़ी पर पथराव कर रहा था। एक मंत्री का बेटा बस अपने बाप के आदेश का पालन करते हुए किसानों को बेरहमी से कुचल रहा था।
Read also: पंजाब के मुख्यमंत्री को लखीमपुर खीरी जाने की नहीं मिली अनुमति
एक ओर जहां सीतापुर गेस्ट हाउस में हिरासत में रखी गयीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लखीमपुर खीरी जाने की जिद पर अड़ी हैं वहीं दूसरी ओर विपक्षी दल योगी सरकार को घेरने का कोई मौका छोड़ने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में अभी योगी सरकार के लिये मुश्किल दौर जारी है।

