कांग्रेस की कार्यवाहक अध्यक्ष सोनिया गाँधी को कोरोना सम्बंधित पेश आयी जटिलताओं के इलाज के लिए आज सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोनिया गाँधी पिछले हफ्ते कोरोना पॉजिटिव निकली थीं, उन्होंने खुद को क्वारंटाइन कर लिया था। नेशनल हेराल्ड केस में उन्हें 8 जून को ED के सामने पेश होना था लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण उन्होंने ED से समय माँगा था, ED ने कल ही उन्हें दूसरा समन जारी कर 23 जून की नई तारिख दी थी।
Read also: कांग्रेस ने राजस्थान का रण जीता, तीनों उम्मीदवार कामयाब
कांग्रेस के नवनिर्वाचित राज्यसभा मेंबर रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बताया कि सोनिया गांधी को अस्पताल में निगरानी के लिए रखा जाएगा. फिलहाल उनकी हालत स्थिर है. बता दें कि कल यानि 13 जून को नॅशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राहुल गाँधी प्रवर्तन निदेशालय के सामने दिल्ली में पेश होंगे, कांग्रेस पार्टी ने इस मौके को एक अवसर के रूप में लिया है और देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की तैयारी की है. दिल्ली में आज कांग्रेस के सभी बड़े नेताओं को बुलाया गया है।
इसके अलावा देश भर के सभी प्रवर्तन निदेशालयों के कार्यालयों पर कल कांग्रेस पार्टी के द्वारा सत्याग्रह करने की तैयारी है, इन सबके लिए कांग्रेस पार्टी ने आज पूरे देश में प्रेस वार्ताएं भी आयोजित की हैं. बता दें कि सोनिया गाँधी के साथ प्रियंका गाँधी वाड्रा भी कोरोना संक्रमण का शिकार बनी हैं और फिलहाल आइसोलेशन में हैं. ऐसे में कल जब कांग्रेस पार्टी कल अपना शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है, सोनिया गाँधी का अस्पताल में और प्रियंका का आइसोलेशन में होना कितना असर डालेगा देखने वाली बात होगी।
