देहरादून। उत्तराखंड में आम आदमी की सरकार बनाने का सपना देने वाली आम के भीतर भी अब इस्तीफों का दौर शुरू हो चुका है। विधानसभा चुनाव खत्म होते ही आप के नेता भी इधर-उधर भागने लगे हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी (आप) के विधानसभा चुनाव में प्रदेश मुख्यमंत्री का चेहरा रहे वरिष्ठ नेता कर्नल अजय कोठियाल ने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को अपना इस्तीफा भेज दिया है।
बता दें उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में कर्नल कोठियाल आप पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के चेहरे घोषित किए गए थे। कर्नल कोठियाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भेजे इस्तीफे में लिखा है कि वो 19 अप्रैल 2021 से आज 18 मई तक आम आदमी पार्टी का सदस्य रहे हैं। पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्धसैनिकों, बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं व बुद्धिजीवियों की भावनाओं को ध्यान में रखकर वो पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देते हैं।
उत्तराखंड विधान सभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरा रहे कर्नल अजय कोठियाल ने उत्तरकाशी जिले की गंगोत्री विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा। इस चुनाव में कर्नल कोठियाल अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए। उन्हें मात्र 6,161 वोट ही मिले। वोट प्रतिशत की बात करें तो उन्हें मात्र 10.33 वोट मिले। इस वर्ष हुए उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने कर्नल अजय कोठियाल को उत्तराखंड का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया था। चुनाव में आप ने कुल 70 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े किए थे। जिसमें से पार्टी को एक भी सीट नहीं मिल सकी थी।

