नई दिल्ली। सीबीआई ने बिहार उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव को आज 11 मार्च को पूछताछ के लिए बुलाया है। सीबीआई ने उन्हें जमीन के बदले नौकरी मामले में समन जारी किया। बताया है कि इससे पहले CBI ने 4 फरवरी को भी समन भेजा था। लेकिन वे पेश नहीं हुए थे। इसके बाद उन्हें एक और समन भेजा गया है।
एक दिन पहले लालू यादव के करीबियों पर छापेमारी
एक दिन पहले जमीन के बदले नौकरी मामले में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के करीबियों के दिल्ली और बिहार स्थित ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की थी। इनमें लालू की तीन बेटियों और राजद नेताओं के परिसर शामिल हैं। बताया जाता है कि जमीन के बदले नौकरी केस में ईडी ने कार्रवाई की है।
ED ने लालू के जिन परिवारवालों के परिसरों पर छापे डाले, उनमें उनकी बेटी रागिनी यादव, चंदा यादव और हेमा यादव का नाम है। इसके अलावा जमीन के बदले नौकरी और IRCTC मामले में ईडी टीम लालू के करीबी पूर्व विधायक अबु दुजाना के पटना, फुलवारी शरीफ, दिल्ली-एनसीआर के अलावा रांची और मुंबई परिसरों पर छापे मारे थे।
लालू से हो चुकी है पूछताछ
जमीन के बदले नौकरी मामले में सीबीआई ने मंगलवार को लालू प्रसाद यादव से पूछताछ की थी। सीबीआई की टीम ने लालू यादव से पांच घंटे पूछताछ की थी। इसी मामले में सोमवार को लालू की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से उनके निवास में पूछताछ हुई थी।

