नई दिल्ली। बच्चों के अश्लील फोटो और वीडियो की आनलाइन बिक्री और वितरण के खिलाफ सीबीआई ने आज बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई की इस बड़ी कार्रवाई में आज शनिवार को 20 राज्यों में 56 स्थानों पर छापेमारी की गई। ये सभी छापेमारी एक ही समय पर अलग अलग जगहों पर हुई। उच्च पदस्थ सूत्रों ने जानकारी दी है कि सीबीआई को इंटरपोल की सिंगापुर स्थित क्राइम अगेंस्ट चाइल्ड यूनिट से इंटरनेट पर अप्पतिजनक सामग्री की बिक्री और वितरण के बारे में जानकारी मिली थी। जिसके बाद अपराध में शामिल आरोपियों के नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए 200 से अधिक सीबीआई अधिकारियों की विभिन्न टीमों का गठन किया गया।
सूत्रों के मुताबिक बताया गया कि उनको पता चला है कि बच्चों के अश्लील फोटो और वीडियो के वितरण में आरोपी द्वारा क्लाउड स्टोरेज का उपयोग किया जा रहा है। हमें इसके कई जगह से इनपुट मिले। जिसके बाद सीबीआई ने तकनीकी निगरानी के आधार पर उनके ठिकाने का पता लगाया और अब उनकी रेडिंग शुरू कर रहे हैं।’ इस पूरे आपरेशन को ‘आपरेशन मेघचक्र’ नाम दिया गया। सूत्रों ने कहा कि चल रहे आपरेशन मेघचक्र छापे का एक अनुवर्ती था। जो नवंबर 2021 में उसी अपराध के संबंध में आयोजित किया था। उस समय इसे ‘आपरेशन कार्बन’ नाम दिया था। संघीय जांच एजेंसी द्वारा अंतरराष्ट्रीय सहयोग के चैनलों का उपयोग उन आरोपियों के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए किया गया जो आनलाइन बच्चों की अश्लील फोटो और वीडियो वितरित कर रहे हैं। सीबीआई के छापे में आगे क्या हुआ अभी इसकी पूरी जानकारी नहीं उपलब्ध हो पाई है। सीबीआई के इस छापेमारी से देश भर में इस धंधे से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

