पंजाब के लुधियाना से रायबरेली जा रही यात्रियों से भरी एक बस उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक्सप्रेस-वे पर खाई में गिरकर पलट गई जिसमें 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई वहीँ बस में सवार 22 लोग घायल हो गए. घटनास्थल के पास से गुज़र रहे लोगों ने तत्कात पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद नगला खंगर थाना पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर मृतकों को निकाला और घायलों को बचाकर एम्बुलेंस के ज़रिये इटावा ज़िले के सैफई मेडिकल कालेज में भर्ती कराया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुआ हादसा
पुलिस ने बताया कि बस में कुल 47 यात्री सवार थे, हादसा भोर में लगभग साढ़े चार बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन संख्या 61.200 किलोमीटर के पास हुआ, सभी यात्री लुधियाना से रायबरेली जा रहे थे. मृतकों में एक महिला, चार पुरुषऔर एक बच्चा शामिल है. इनमें तीन लोगों की पहचान रीना (22) पत्नी सुनील निवासी कुसुम्भी थाना असोथर जिला फतेहपुर, अयांश 15 माह पुत्र सुनील निवासी कुसुम्भी थाना असोथर जिला फतेहपुर और संतलाला (67) पुत्र स्व. रामजीवन निवासी पन्नोई जिला कौशांबी के रूप में हुई है, शेष तीन मृतकों की पहचान की कोशिश की जा रही है.
ड्राइवर ने शायद खोया था संतुलन
पुलिस ने बताया कि 22 यात्री घायल हैं वहीँ 19 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं. इन सभी लोगों को दूसरी बस से उनके गंतव्य तक भेजा जा रहा है. सभी घायलों की हालत की स्थिर बताई जा रही है. बस क्यों पलटी इसके बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है, घटना स्थल के पास मौजूद लोगों ने बताया कि अचानक हुई आवाज़ से उनका ध्यान गया तो बस पलट चुकी थी. राहगीरों ने बताया कि ओवरटेक जैसी बात नहीं लग रही थी शायद रफ़्तार की वजह से ड्राइवर संतुलन खो बैठा होगा।
