नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव के पहले चरण के दौरान शनिवार को ज़बरदस्त मतदान हुआ. असम में शाम छह बजे और बंगाल में करीब सवा सात बजे तक वोटिंग संपन्न हो गई. चुनाव आयोग के मुताबिक असम में जहां शाम छह बजे तक 72.14 फीसदी वोटिंग हुई तो वहीं पश्चिम बंगाल में 79.79 फीसदी वोटिंग रिकॉर्ड हुई है. इस दौरान बंगाल से कई जगहों से छिटपुट हिंसा की भी खबर आती रही.
छिटपुट हिंसा
कांथी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के भाई सौमेंदु अधिकारी की कार पर हमला हुआ है. कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है. हालांकि हमले के समय सौमेंदु कार में नहीं थे. लेकिन उनके कार ड्राइवर को चोट आई है. सौमेंदु ने टीएमसी पर हमले का आरोप लगाया है. बीजेपी नेता सौमेंदु अधिकारी ने कहा, “टीएमसी ब्लॉक अध्यक्ष राम गोविंद दास और उनकी पत्नी की अगुवाई में तीन मतदान केंद्रों में धांधली हो रही है. मेरे जाते ही उनके काम बाधा आ गई. इसलिए उन्होंने मेरी कार पर हमला किया और मेरे ड्राइवर की पिटाई की.”
कांटे की टक्कर
इस बार सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और भारतीय जनता पार्टी के बीच कांटे की टक्कर है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम से चुनाव लड़ रही हैं। जिन सीटों पर चुनाव हो रहे हैं उनमें पुरुलिया के नौ सीटें, बांकुरा के चार, झाड़ग्राम के चार और पश्चिमी मेदिनीपुर के छह सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। पश्चिम बंगाल में पहले चरण के दौरान राज्य के 5 जिलों की 30 विधानसभा सीटों पर 27 मार्च को, दूसरे चरण के तहत चार जिलों की 30 विधानसभा सीटों पर एक अप्रैल, तीसरे चरण के तहत 31 विधानसभा सीटों पर छह अप्रैल, चौथे चरण के तहत पांच जिलों की 44 सीटों पर 10 अप्रैल, पांचवें चरण के तहत छह जिलों की 45 सीटों पर 17 अप्रैल, छठे चरण के तहत चार जिलों की 43 सीटों पर 22 अप्रैल, सातवें चरण के तहत पांच जिलों की 36 सीटों पर 26 अप्रैल और आठवें चरण के तहत चार जिलों की 35 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा.

