- अमित शाह ने कहा, गन्ना भूल कर जिन्ना का नाम रट रहे है बबुआ
मुरादाबाद। निजाम का मतलब वैसे तो गवर्नेंस होता है लेकिन अखिलेश यादव के लिए एन का मतलब नसीमुद्दीन, आई का मतलब इमरान मसूद, जेडी का मतलब आजम खान और एम का मतलब मुख्तार अंसारी है। यह कहना है केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का जिन्होंने आज मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी को मुख्य तौर पर निशाने पर रखा। अमित शाह ने कहा, अखिलेश यादव का तो एजेंडा ही लूट आतंकवाद और जिन्ना है। गन्ने के लिए वेस्ट यूपी को पहचाना जाता है। लेकिन अखिलेश यादव यहां गन्ने की जगह जिन्ना-जिन्ना करते फिर रहे हैं।
Read also: अमित शाह और अखिलेश यादव की अलग-अलग एबीसीडी
अमित शाह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए एल का मतलब लूट है। जब इनकी सरकार थी तो इन्होंने जमकर लूटा और अपनी जेब भरीं। आजम खान का नाम लेते हुए अमित शाह ने कहा कि एक हेक्टेयर जमीन पर कब्जा करने वाले आजम खान आज कहां है? जनता ने कहा जेल में तो शाह ने पूछा सपा की सरकार आने पर भी वह जेल में रहेंगे क्या? क्या आप चाहते हैं कि आजम खान जेल से बाहर आए? लोगों ने इसका जवाब न में दिया तो शाह ने कहा, फिर आपको एक काम करना होगा, पूर्ण बहुमत के साथ प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनानी होगी।
Read also: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव : भाजपा को अमित शाह की रणनीति पर है भरोसा
अमित शाह ने कहा कि बुआ, बबुआ और बहना (प्रियंका गांधी) मिलकर भी भाजपा के कार्यकर्ताओं को नहीं हरा सकते। 2017 के चुनाव में मुरादाबाद जिले की छह में से सिर्फ दो ही सीटें जीतने की ओर इशारा करते हुए अमित शाह ने कहा कि आप पहले वाली गलती नहीं करना। इस बार एक तरफा वोट डालकर भाजपा के सभी विधायकों को जिताना। अमित शाह पर ने बसपा मुखिया मायावती पर भी तंज कसते हुए कहा कि बहन जी की ठंड तो अभी दूर ही नहीं हो रही है। बोले, बहन जी चुनाव आ गए, घर से बाहर निकल आइये, फिर ना कहिएगा कि हमें तो प्रचार करने का मौका भी नहीं मिला।

