यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने आज मुसलमानों और समाजवादी पार्टी के सम्बन्धो को लेकर विवादित बयान दिया है, उन्होंने मुसलमानों को बिरयानी का तेज़ पत्ता बताया है. हालाँकि भाजपा नेता ने यह टिप्पणी समाजवादी पार्टी को जोड़कर की थी. रामपुर में पसमांदा समाज के एक कार्यक्रम में उन्होंने मुसलमानों को समाजवादी पार्टी से खबरदार रहने की सलाह दी और कहा कि इस पार्टी ने आप लोगों का वैसे है इस्तेमाल किया है जैसे बिरयानी में तेज़ पत्ते का किया जाता है.
भाजपा समुदायों में नहीं करती भेदभाव
ब्रजेश पाठक ने सभी विरोधी पार्टियों पर निशाना साधते हुए हिंदू और मुस्लिम की राजनीती करने और दोनों समुदायों के बीच दुष्प्रचार अभियान चलाने का आरोप भी लगाया। बता दें कि रामपुर विधानसभा सीट पर 5 दिसंबर को होने वाले उपचुनाव वह भाजपा के लिए वोट मांगने गए थे. इस चुनावी सभा में उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों और बदलाव की बात कही. उपमुख्यमंत्री ने कहा विपक्ष ने हिंदुओं और मुसलमानों के बीच सिर्फ वोट की राजनीती के लिए गहरी खाई पैदा कर दी है. उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने किसी भी समुदाय के साथ भेदभाव नहीं करती, उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं में पसमांदा समुदाय को भी लाभ मिला है.
विरोधी फ़ैलाने आएंगे ग़लत सूचनाएँ
रामपुर की सभा में उपमुख्यमंत्री ने पिछले सरकारों को सवालों के घेरे में लेते हुए कहा कि यूपी में पहले हालात कैसे थे और अब कैसा माहौल है इसे हर कोई जानता है। कानून व्यवस्था पर बोलते हुए बृजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार से पहले थानों पर माफियाओं का कब्जा रहता था लेकिन अब योगी राज में कानून का राज स्थापित है। उन्होंने कहा कि लखनऊ के दरवाज़े रामपुर के लोगों के लिए हमेशा के लिए खुले है। पाठक ने रामपुर के लोगों से कहा कि अभी आपके पास विरोधी राजनीतिक पार्टियां गलत सूचनाएं फैलाने आएँगी लेकिन आपको इनसे सतर्क रहना है.

