किशोर का अपहरण, 50 लाख की फिरौती मांगी

मेरठ रीजनकिशोर का अपहरण, 50 लाख की फिरौती मांगी

Date:


किशोर का अपहरण, 50 लाख की फिरौती मांगी

  • थाना नौचंदी क्षेत्र के निवासी ट्रांसपोर्टर का पुत्र है अपहर्त किशोर
  • पुलिस कर रही बच्चे की तलाश, कई एंगलों पर की जा रही जांच

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के थाना नौचंदी क्षेत्र से एक ट्रांसपोर्टर के 15 वर्षीय बेटे का अपहरण कर किडनैपर्स ने 50 लाख रूपये की फिरौती मांगी है। अपहरण की सूचना फ्लैश होते ही एसपी सिटी व कई थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर क्षेत्र में बच्चे की तलाश शुरू कर दी। देर रात तक किशोर का कुछ पता नहीं चल पाया।

थाना नौचंदी क्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर 12 में ट्रांसपोर्ट का कारोबार करने वाले आसिफ अपने परिवार सहित रहते हैं। मूल रूप से ग्राम राधना थाना किठौर के निवासी आसिफ का हापुड़ में ट्रांसपोर्ट का काम है। सोमवार को आसिफ हापुड़ अपने काम पर चले गये और उनकी पत्नी बीमार ससुर को देखने के लिये राधना गांव चली गयी। दोनो के जाने के बाद घर में आसिफ अली का बेटा 15 वर्षीय आरिफ और 13 वर्षीय बेटी आयशा रह गयीं।

आयशा दोपहर के समय खेलते हुए मकान की छत पर चली गयी और आरिफ नीचे खेल रहा था। दोपहर लगभग पौने दो बजे आसिफ के मोबाइल पर उनके पुत्र आरिफ के अपहरण की सूचना देते हुए 50 लाख की फिरौती की मांग का मैसेज आया। यह फोन आयशा के पास था जिसने मैसेज पढ़ते ही आसिफ को फोन कर जानकारी दी। बेटे के अपहरण की सूचना मिलते ही आसिफ अली तुरंत घर पहुंचे और आरिफ की तलाश की। आरिफ का कहीं पता न चलने पर आसिफ ने पुलिस को अपहरण की सूचना दी।

किशोर के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। तुरंत ही एसपी सिटी और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। आसपास की सीसीटीवी फुटेज भी जांची गयी मगर देर रात तक आरिफ का कोई पता नहीं चला।

इस प्रकरण में एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि आरिफ के अपहरण किये जाने और फिरौती मांगने का मैसेज आरिफ के मोबाइल से ही उसके पिता आसिफ अली को भेजा गया था। आसिफ के घर के ड्राइंगरूम में एक फुटरेस्ट पर एक कागज पर फिरौती का संदेश भी लिखा मिला है। छानबीन में वह कागज आरिफ की बहन के नोटपैड का मिला जो घर की अलमारी में ही मिल गया है। तथ्यों की छानबीन की जा रही है।

घर से ही जुड़े हैं आरिफ के अपहरण के तार
आरिफ के अपहरण की कहानी में कई एंगल ऐसे हैं जो इस वारदात के तार को घर से ही जोड़ रहे हैं। दिन-दहाड़े घर से किशोर का अपहरण, फिरौती का कागज आरिफ के बहन के नोटपैड से लेना और फिर नोटपैड को वापस अलमारी में रखना संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस भी इस मामले में कई एंगल पर छानबीन कर रही है। पुलिस सूत्रो के अनुसार जांच में कई तथ्य निकल कर आये हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जायेगा।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related