मुंबई: सुशांत सिंह राजपूत केस में सीबीआई की जांच का आज 15वां दिन है। सीबीआई के साथ ईडी और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की जांच भी तेज रफ्तार से चल रही है। आज सुबह NCB ने रिया चक्रवर्ती के घर पर छापा मारा है। खास बात ये है कि रिया के अलावा सैमुअल मिरांडा के घर पर भी एनसीबी ने छापा मारा है। इसके साथ ही मिरांडा की गिरफ्तारी भी हो गई है।
सैमुअल मिरांडा गिरफ्तार
सुशांत केस में आज सुबह रिया और सैमुअल मिरांडा के घर पर छापा मारा। सैमुअल के घर पर 2 घंटे तक छापेमारी चली। अब सैमुअल से एनसीबी ऑफिस में पूछताछ होगी। उम्मीद की जा रही है कि मिरांडा के जरिए कई राज खुल सकते हैं। सुशांत केस में पहली गिरफ्तारी हुई है। एनसीबी की टीम ने सुबह दो घंटे छापेमारी कर मिरांडा के घर सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए दफ्तर ले जाया गया है।
नहीं मिले कुछ ख़ास सबूत
आज एनसीबी की टीम के साथ ही मुंबई पुलिस की टीम भी सैमुअल के घर पहुंची थी। हालांकि, जानकारी के मुताबिक, सर्च ऑपरेशन में उनके घर से कोई खास सबूत नहीं मिले हैं। सैमुअल पर आरोप है कि उन्होंने शौविक चक्रवर्ती के लिए ड्रग्स खरीदे थे। एनसीबी के पास सैमुअल की कॉल हिस्ट्री है, जिसमें आरोपी ड्रग पैडलर जैद विलात्रा के साथ बातचीत का जिक्र है।

