मोदी को टैगोर से बड़ा घोषित कर देगी भाजपा: ममता बनर्जी

फीचर्डमोदी को टैगोर से बड़ा घोषित कर देगी भाजपा: ममता बनर्जी

Date:


मोदी को टैगोर से बड़ा घोषित कर देगी भाजपा: ममता बनर्जी

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को भाजपा पर एक बड़ा आरोप लगाते हुए महिलाओं से कहा कि उन्हें खदेड़ने के लिए अपने घरों के बरतन हाथों में लेकर तैयार रहें। ममता ने बांकुड़ा जिले की एक रैली में कहा कि भाजपा ने ‘मतदाताओं को लूटने’ के लिए बाहर से गुंडे बुलाए हैं।

झूठे वादे करता है भगवा दल
उन्होंने लोगों को ‘मुफ्त’ चावल और दाल देने के वादे को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। भगवा दल चुनाव से पहले ‘बड़े-बड़े वादे’ करता है, लेकिन उन्हें कभी पूरा नहीं करता। ममता बनर्जी ने कहा, ‘भाजपा के नेता चुनाव से पहले झूठ बोलते हैं। वे चावल, दालें, चाकरी (नौकरी) और हर चीज का वादा करेंगे, लेकिन चुनाव के बाद वे नजर नहीं आएंगे। मैं जानना चाहती हूं कि 2014 लोकसभा चुनाव से पहले हर नागरिक के बैंक खाते में 15-15 लाख रुपये जमा कराने के पार्टी के वादे का क्या हुआ।’

महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण के वादे पर कटाक्ष
सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के भाजपा के वादे पर कटाक्ष करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, ‘वे विभिन्न मंचों पर निर्वाचित प्रतिनिधियों में महिलाओं का 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए कदम नहीं उठा सके। इसके उलट तृणमूल ने हमेशा यह सुनिश्चित किया है कि महिलाओं को पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों में 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिले। इसके अलावा संसद में तृणमूल की 40 प्रतिशत सदस्य महिलाएं हैं।

एनपीआर और एनआरसी लागू करेगी भाजपा
सीएम ममता ने कहा कि भाजपा जिन राज्यों में सत्ता में है, वह उन राज्यों में महिलाओं के लिए आदेश जारी कर रही है कि उन्हें क्या पहनना चाहिए और क्या खाना चाहिए। वे फैसला करते हैं कि गर्भवती महिला को अंडे खाने चाहिए या नहीं। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सत्ता में आती है, तो वह एनपीआर और एनआरसी को लागू कर देगी। इन रजिस्टर से असल नागरिकों के नाम हटा देगी।

मोदी को टैगोर से बड़ा घोषित कर देगी भाजपा
बनर्जी ने कहा, ‘पार्टी भारत का इतिहास और भूगोल बदलना चाहती है। वे अपनी इच्छानुसार शैक्षणिक संस्थानों के नाम बदलते हैं। गुजरात में एक स्टेडियम का नाम प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर रखा गया। एक दिन वे हमारे देश का नाम ही बदल देंगे। जल्द ही नरेंद्र मोदी को आंबेडकर, यहां तक कि टैगोर से भी बड़ी हस्ती के रूप में पेश किया जाएगा।’

पीएम केयर्स फंड पर उठाये सवाल
बंगाल को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के भाजपा के संकल्प पर निशाना साधते हुए ममता बनर्जी ने कहा, ‘हमें अब भी पीएम केयर्स फंड के तहत खर्च किए गए धन की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और वाम दलों की भाजपा के साथ मिलीभगत है। उन्होंने कहा, ‘जब मैं विपक्ष में थी तो माकपा के गुंडों ने कोतुलपुर, चोमकैताला इलाकों में आतंक फैलाया था। जब मैंने पीड़ित परिवारों का समर्थन करने के लिए प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया था तो उन्होंने मुझ पर हमला भी किया था और अब ये माकपा गुंडे भाजपा के साथ हैं।’

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related