अपनी ही पार्टी को अपने बयानों से अक्सर घेरने वाले भाजपा सांसद वरुण गाँधी ने अब उत्तर प्रदेश में अपात्र राशन कार्ड धारकों पर कार्रवाई की मुहीम पर हमला बोला है. वरुण गाँधी सीधे रूप से केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि जो लोग चुनाव से पात्र थे वह सब चुनाव बाद अपात्र हो गए.
अपने एक ट्वीट में वरुण गाँधी ने अखबार की एक कटिंग को पोस्ट करते हुए सरकार से सवाल किया है कि इन करोड़ों राशनकार्ड धारकों की याद सरकार को अब कब आएगी, फिर जवाब भी देते हैं “शायद अगले चुनाव में”. वरुण गाँधी ने अपनी इसी पोस्ट में आगे लिखा है कि आम लोगों के जीवन को प्रभावित करने वाले मानक अगर चुनाव देख कर तय किये जाएंगे तो सरकार अपने भरोसे को खो देगी।
चुनाव से पहले पात्र और चुनाव के बाद अपात्र?
जनसामान्य के जीवन को प्रभावित करने वाले सभी मानक अगर ‘चुनाव’ देख कर तय किए जाएँगे तो सरकारें अपनी विश्वसनीयता खो बैठेंगी।
चुनाव खत्म होते ही राशनकार्ड खोने वाले करोड़ों देशवासियों की याद सरकार को अब कब आएगी?
शायद अगले चुनावों में..! pic.twitter.com/yfVGPkxBlh
— Varun Gandhi (@varungandhi80) May 21, 2022
दरअसल यूपी सरकार ने अपात्र कार्डधारकों से कहा है कि अगर तय समय पर कोई अपात्र कार्ड धारक अपना राशन कार्ड नहीं जमा करता है तो उसपर जुर्माने की कार्रवाई की जायेगी। पात्रता के लिए जो नियम बनाये गए हैं उनके मुताबिक खुद की ज़मीन न हो, पक्का मकान न हो, ट्रेक्टर ट्राली न हो, शासन से सहयता न मिलती हो, गौ पालन व मुर्गी पालन न करता हो और ऐसी कई अन्य शर्तें।
सरकार की ओर से गाँव गाँव में इस सूचना की मुनादी कराई जा रही है और भारी जुर्माने की बात कही जा रही है. सरकार के इस कदम को विपक्ष कह रहा है कि मतलब निकल गया है तो पहचानते नहीं, यूं जा रहे हैं जैसे हमें जानते नहीं।
