योगी राज पर विधायक श्याम प्रकाश ने खड़े किये सवाल
कहा, बिना कमीशन मिले काम नहीं करते अधिकारी
हरदोई। विपक्ष के आरोपों से घिरी उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को अपने ही विधायकों का विरोध भी झेलना पड़ रहा है। अपनी ही पार्टी की सरकार पर सवाल उठाते हुए भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने योगी राज को कटघरे में खड़ा कर दिया है। जाहिर है कि भाजपा विधायक की नाराजगी ने विपक्ष को योगी सरकार पर सवाल उठाने का एक मौका और दे दिया है।
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के गोपामऊ से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने ट्वीट कर कहा कि मनरेगा एक महामारी की तरह हो गई है, इसमें सरलीकरण और सुधार किया जाये अथवा बंद कर दिया जाए। अधिकारी बिना कमीशन काम नहीं करते हैं और कमीशन देने के लिए प्रधानों को फर्जी जाॅब कार्ड से भुगतान कराना पड़ता है। समय पर भुगतान न होने के कारण लोग काम करने को तैयार नहीं है। बीजेपी विधायक श्याम प्रकाश का कहना है कि मैंने अपने राजनीतिक जीवन में इतना भ्रष्टाचार नहीं देखा जितना इस समय देख और सुन रहा हूं। जिससे शिकायत करो वह खुद वसूली कर लेता है।
भाजपा विधायक श्याम प्रकाश के इस बयान ने उत्तर प्रदेश में सब कुछ सही होने के योगी सरकार के दावे को झूठा साबित कर दिया है। गौरतलब है कि कोरोना काल में भी योगी सरकार को अपनी ही पार्टी के विधायकों से लेकर सांसद, मंत्रियों तक का विरोध झेलना पड़ा था। योगी राज की नीतियांे को लेकर पार्टी विधायकों की नाराजगी भी अनेक मौकों पर सामने आ चुकी है। अब विधायक श्याम प्रकाश का हालिया बयान जहां योगी राज पर सवाल उठा रहा है वहीं विपक्ष को भी योगी सरकार को घेरने का एक और मौका मिल गया है।

