ऋषिकेश। अंकिता भंडारी हत्याकांड में तथाकथित भाजपा नेता पुलकित का कहना है कि उसका मोबाइल पानी में फेंका था। पुलकित की इस कहानी में पुलिस को झोल दिखाई दे रहा है। अभी तक अंकिता और पुलकित दोनों का मोबाइल नहीं बरामद हुआ है। पुलिस मानकर चल रही है कि यह हत्यारोपी भाजपा नेता पुलकित की बनाई कहानी का हिस्सा है। पुलिस का मानना है कि पुलकित ने अपना और अंकिता दोनों के मोबाइल कहीं छुपाए दिए हैं। ऐसे में पुलकित और उसके दोस्तों को पुलिस रिमांड पर लेकर एसआईटी कुछ राज उगलवा सकती है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पुलकित पकड़े जाने के बाद शुरुआत से बयान बदल रहा था। उसने शुरू में कहा कि अंकिता खुद पानी में डूबी है। इसके बाद जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि अंकिता ने उसका मोबाइल छीनकर नहर में फेंक दिया था। इसके बाद पुलकित को गुस्सा आया और अंकिता को नहर में धक्का दे दिया। अभी तक की जांच में पुलिस को पुलकित की यह झूठी कहानी नजर आ रही है।
कारण है पुलिस ने जब सीसीटीवी की जांच की तो घटनास्थल से वापसी में नौ बजकर तीन मिनट पर पुलकित की बाइक चीला पावर हाउस के पास से निकली थी। इससे कुछ देर पहले की घटना बताई जा रही है। इसके बाद पुलकित ने कई जगह फोन पर बात भी की थी। लगातार उसके मोबाइल पर घंटियां जा रही थीं। ऐसा अंकिता के दोस्त पुष्प ने पुलिस को दिए बयान में बताया है। लेकिन, कुछ देर बाद पुलकित और अंकिता दोनों के मोबाइल बंद हो गए थे। अंकिता की लाश तो मिल गई। लेकिन उसके आसपास या घटनास्थल कहीं उसका मोबाइल नहीं मिला है।

