कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में कल अपने भाषण में पेगासस का मामला उठाते हुए कहा था कि इजरायली स्पाईवेयर पेगासस का इस्तेमाल उनके फोन में जासूसी करने के लिए किया जा रहा था. राहुल के इस बयान पर केंद्र की भाजपा सरकार भड़क उठी है. सरकार के मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर विदेश जाकर भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि पेगासस उनके फ़ोन में नहीं उनके दिमाग़ में है.
इटली के पीएम की बात सुनें राहुल
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता पर हमला करते हुए कहा कि सारी दुनिया प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ कर रही है, यहाँ तक कि उनके ननिहाल इटली की प्रधानमंत्री मोदी जी की तारीफ कर रही हैं और सम्मान की बात कर रही हैं, राहुल गाँधी को कम से कम उनकी बात ही सुन लेना चाहिए। बता दें कि G 20 समिट के दौरान इटली की प्रधानमंत्री ने कहा था कि इटली के लोगों में प्रधानमंत्री मोदी और अडानी ग्रुप की कंपनियों के बड़ा सम्मान है.
भारत की बुराई करना राहुल की आदत
अनुराग ठाकुर ने कहा कि विदेशों में जाकर भारत की बुराई करना राहुल गाँधी की आदत बन चुकी है. वो बार बार झूठ बोलते है और फिर माफ़ी मांगते हैं , हालाँकि राहुल गाँधी ने माफ़ी कब मांगी यह नहीं बताया। भाजपा नेता ने कहा कि चुनाव में कांग्रेस का सफाया होता जा रहा है. बता दें कि राहुल गांधी ने कैंब्रिज जज बिजनेस स्कूल में कहा था उनके फोन में पेगासस था. उन्हें कई खुफिया अधिकारियों ने सलाह देते हुए अलर्ट रहने को कहा. राहुल गाँधी कई बार पहले भी पेगासस मुद्दे पर सरकार को घेर चुके हैं.

