6 जिलों में कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 600 से कम हुई
देवरिया, प्रयागराज और सोनभद्र को भी दी गयी है राहत
मेरठ। उत्तर प्रदेश के बिजनौर, बागपत, मुरादाबाद सहित कुल 6 जिलों को कोरोना एक्टिव केस 600 से कम होने पर दिन के कर्फ्यू से छूट मिल गयी है। इसी आधार पर देवरिया, प्रयागराज और सोनभद्र को भी राहत दी गयी है। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ टीम-9 की बैठक में ये निर्णय लिया गया। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होने से माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और भी जिलों का छूट मिल सकती है। हालांकि मेरठ की बात करें तो यहां कोरोना एक्टिव केस प्रदेश में सबसे अधिक होने के कारण काफी समय तक राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने यूपी के ऐसे जिले जहां कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 600 से कम है, को कोरोना कर्फ्यू से राहत देने का निर्णय लिया था। अब बिजनौर, मुरादाबाद, देवरिया, बागपत, प्रयागराज और सोनभद्र में कोरोना केस 600 से कम हो जाने पर इन जिलों को कोरोना कर्फ्यू से राहत दे दी गई है। एक्टिव केसों की संख्या अधिक होने के कारण फिलहाल मेरठ, लखनऊ, सहारनपुर, वाराणसी, गाजियाबाद, गोरखपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, झांसी, लखीमपुर खीरी, जौनपुर एवं गाजीपुर में कोई छूट नहीं दी गई है। जिन जिलों में छूट दी गयी है उनमें भी स्कूल, काॅलेज, कोचिंग संस्थान, सिनेमा हाॅल, जिम, स्वीमिंग पूल, क्लब एवं शाॅपिंग माॅल पूरी तरह बंद रहेंगे। सरकारी कार्यालयों में अधिकतम 50 प्रतिशत और फ्रंट लाइन पर काम करने वाले विभागों में 100 प्रतिशत उपस्थिति रहेगी। निजी कंपनियों में घर से काम करने की व्यवस्था को प्रोत्साहित करने के लिए कहा गया है। अब भी पूरे प्रदेश में धार्मिक स्थलों पर अधिकतम 5 लोग, अंतिम संस्कार में अधिकतम 20 और शादी समारोह में अधिकतम 25 लोगों के शामिल होने की अनुमति दी गयी है।
प्रदेश के मुख्य सचिव आर के तिवारी द्वारा निर्देश में कहा गया है कि 600 से अधिक सक्रिय मामलों वाले जिलों में कोई छूट नहीं दी जा रही है। यदि किसी जिले में सक्रिय मामले 600 से कम हो जाते हैं तो छूट अपने आप अमल में आ जाएगी। इसी तरह जिन जिलों में छूट दी गई है, वहां मामले 600 से अधिक होते ही छूट अपने आप ही समाप्त हो जाएगी और समस्त गतिविधियों पर फिर से रोक लगा दी जाएगी।

