सोशल डिस्टेंस की जमकर उड़ी धज्जिया
मेरठ। सिवाया पहुंचे भीम आर्मी अध्यक्ष के स्वागत में समर्थक इतने उत्साहित हो गए कि वे सोशल डिस्टेंस और कोरोना संक्रमण का खतरा भी भूल गए। सेल्फी लेने और फोटो खिचवाने की होड़ में समर्थक एक-दूसरे को धक्का देते नजर आए। बता दे कि भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर दिल्ली से सहारनपुर जा रहे थे।
मंगलवार को जैसे ही मेरठ में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को हुई वे सिवाया टोल प्लाजा पर एकत्र हो गए। चन्द्रशेखर के समर्थक और कार्यकर्ता इतने उत्साहित थे कि वे माला और ढोल लेकर टोल प्लाजा पर कई घंटे पहले पहुंच गए।
भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर का काफिला जैसे ही सिवाया टोल प्लाजा पर पहुंचा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया। सेल्फी लेने और फोटो खिंचवाने को लेकर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं में जमकर होड़ मची।इस दौरान सोशल डिस्टेंस का किसी ने ध्यान नहीं दिया। चन्द्रशेखर के साथ चल रहे वाहनों के काफिले के कारण टोल प्लाजा पर जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफिले को मुजफ्फरनगर की ओर रवाना किया। भीम आर्मी अध्यक्ष के सिवाया टोल पहुंचने पर जय भीम के नारे लगे और लोगों ने नीले झंडे हवा में लहराए। कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए चंद्रशेखर तुम संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ है। चन्द्रशेखर ने हाथ उठाकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया।

