ब्रेमेन। बायर्न म्यूनिख ने रॉबर्ट लेवानदोवस्की के गोल की मदद से वर्डर ब्रेमेन को 1-0 से हराकर लगातार आठवीं बार बुंडिशलीगा का खिताब जीता, जबकि अभी उसके दो मैच बचे हुए हैं. इस जीत से बायर्न ने दूसरे स्थान पर काबिज बोरुसिया डोर्टमंड पर 10 अंक की बढ़त हासिल कर ली है. डोर्टमंड अपने बाकी बचे तीन मैचों में अधिक से अधिक नौ अंक ही हासिल कर सकता है.
लेवानडोवस्की का 31वां गोल
वर्डर ने बायर्न को पहले हाफ में अधिकतर समय रोके रखा, लेकिन चैंपियन टीम आखिर में गोल करने में सफल रही. लेवानदोवस्की ने खेल के 43वें मिनट में गोल किया. जेरोम बोटेंग ने लेवानदोवस्की की तरफ गेंद बढ़ाई, जिसे उन्होंने अपनी छाती से नियंत्रित करके खूबसूरत शॉट से गोल के अंदर पहुंचाया. यह बुंडिशलीगा के इस सत्र में उनका 31वां गोल है. बायर्न के अलफोंसो डेविस को 79वें मिनट में दूसरा पीला कार्ड मिला, जिसके बाद टीम को 10 खिलाडिय़ों के साथ खेलना पड़ा. गोलकीपर मैनुअल नेयुर ने अंतिम क्षणों में युवा ओसाको के हेडर का शानदार बचाव किया. बायर्न ने पिछले महीने बुंडिशलीगा के फिर से शुरू होने के बाद सात जीत दर्ज की हैं और इस तरह से अपना कुल 30वां खिताब जीता.
जर्मन कप पर नजर
कोरोना वायरस के कारण यह लीग मार्च से ठप पड़ी थी. बायर्न अब खिताब की तिकड़ी बनाने की राह पर है. उसे चार जुलाई को जर्मन कप फाइनल में बायर लेवेरकुसेन से भिडऩा है और वह चैंपियंस लीग के खिताब की दौड़ में भी है. बुंडिशलीगा के एक अन्य मैच में अंतिम स्थान पर चल रहे पेडरबोर्न को यूनियन बॢलन के हाथों 0-1 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे वह दूसरे डिविजन में खिसक गया.

