ऋषिकेश। लगातार बारिश की वजह से केदारनाथ धाम की यात्रा पर अगले आदेश तक के लिए रोक लगा दी गई है। पहले ये रोक आज तक के लिए लगाई गई थी। लेकिन अब मौसम खराब होने के चलते केदारनाथ धाम में अगले आदेश तक के लिए रोक लगाई गई है। केदारनाथ धाम सहित संपूर्ण रुद्रप्रयाग जनपद में कल सुबह से लगातार बारिश हो रही है। लगातार बारिश के बाद जिला प्रशासन ने रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड तक यात्रियों को रोक दिया है और गौरीकुंड में यात्रा पर रोक लगा दी है।
दरअसल, मौसम विभाग ने दो दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के बाद केदारनाथ धाम सहित पूरे रुद्रप्रयाग जनपद में बारिश हो रही है। जिसे देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग, गौरीकुंड, रामपुर, फाटा, सीतापुर और गुप्तकाशी में ही रोक दिया है। भारी संख्या में श्रद्धालुगण रास्ते में फंसे हुए हैं। वहीं सोमवार को शुरू हुई बारिश पूरी रात जारी रही और अभी भी बारिश हो रही है। जिससे चार धाम यात्रा पर असर पड़ा है। सभी श्रद्धालुओं को निर्देश दिया गया है कि जो जहां है वहीं अभी इंतजार करें। गौरीकुंड से रुद्रप्रयाग तक 15 हजार यात्री जगह-जगह फंसे हुए हैं। केदारनाथ में 3200 के करीब तीर्थ यात्री मौजूद हैं। जबकि गौरीकुंड में भी करीब 3200 तथा सोनप्रयाग में 1500 यात्रियों को रोका गया है।
Also Read : Snowfall in Kedarnath Dham : केदारनाथ धाम में बर्फबारी, कई जिलों में बारिश और आसमान में बादल
रुद्रप्रयाग के सीओ प्रबोध घिल्डियाल ने बताया कि मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिले में सुबह से बारिश हो रही है। केदारनाथ धाम जाने वाले तीर्थ यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। बारिश के कारण यात्रा को रोका गया है और मौसम के खुलने के बाद ही तीर्थ यात्रियों को केदारनाथ धाम जाने दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि गुप्तकाशी से रुद्रप्रयाग के बीच सात हजार श्रद्धालुओं को रोका है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार मौसम साफ होने के बाद केदारनाथ धाम में फंसे श्रद्धालुओंं को नीचे लाया जाएगा। जबकि गौरीकुंड और सोनप्रयाग में रोके गए तीर्थयात्रियों को ऊपर भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि रुद्रप्रयाग से फाटा तक श्रद्धालुओं को सुरक्षित जगहों पर ठहराया है। वहीं खराब मौसम के कारण केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा पर असर पड़ा है। मौसम विभाग ने दो दिनों तक भारी बारिश अलर्ट जारी किया है।

