रामपुर लोकसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में किसके बीच मुकाबला होने वाला है इसकी तस्वीर अब साफ़ होने लगी है. रामपुर सीट से बसपा और कांग्रेस दोनों ने हाथ खड़े कर दिए हैं, दोनों ही पार्टियों की इस सीट पर इस चुनाव में कोई दावेदारी नहीं होगी तो इसका मतलब साफ़ है कि मुकाबला सत्ताधारी भाजपा और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी में होना तय हो गया है. भाजपा ने आज इस सीट से पूर्व एमएलसी घनश्याम लोधी को मैदान में उतारा है और अब खबर मिल रही है कि रामपुर से आज़म खान की पत्नी तज़ीन फातिमा मैदान में उतरने जा रही हैं.
बता दें कि पहले इस सीट से आज़म खान की बहू सिदरा के चुनाव लड़ने की बातें हो रही थीं. मीडिया में चल रही ख़बरों के अनुसार तज़ीन फातिमा ने समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष आसिम राजा को कलेक्ट्रेट भेजकर नामांकन फॉर्म भी मंगवा लिया है. इस खबर के बाद ही इस बात को बल मिला कि आज़म खान की पत्नी ही भाजपा के घनश्याम लोधी को टक्कर देने जा रही हैं.
बता दें कि अखिलेश यादव और आज़म के बीच रामपुर की उम्मीदवारी को लेकर दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल जहाँ वरिष्ठ सपा नेता स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं लगभग दो घंटे बात हुई, इस मुलाकात के बाद ही आज़म खान की बहू का नाम सामने आया था. पता चला था कि अखिलेश यादव आज़म खान के ही परिवार से किसी को उम्मीदवार बनाना चाह रहे थे. लेकिन आज तज़ीन फातिमा द्वारा नॉमिनेशन फॉर्म मंगाने की खबर जब सामने आयी तो यह लगभग साफ़ हो गया कि वो ही सपा की उम्मीदवार होंगी। हालाँकि कई बार ऐसा होता है कि पर्चा खरीदने के बाद भरा नहीं जाता है. राजनीतिक दलों की ऐसी चालें होती रहती हैं लेकिन इतना तो तय है कि रामपुर की उम्मीदवारी आज़म खान के घर से ही होगी.
Also Read : UP Politics News: उपचुनावों में कांग्रेस ने खड़े किये हाथ, नहीं उतारेगी उम्मीदवार!

