Site icon Buziness Bytes Hindi

T20 World Cup 2022: अपसेट से शुरू हुआ टी-20 विश्व कप, एशिया कप चैम्पियन को नामीबिया ने पीटा

T20 World Cup 2022:

टी 20 क्रिकेट का यही तो मज़ा है कि यहाँ पर कोई भी टीम कभी कमज़ोर नहीं होती। भले ही आपने अभी कुछ दिन पहले ही एशिया कप जीता हो लेकिन विश्व कप के लिए क्वालिफाइंग राउंड तो मेरे साथ आप भी खेल रहे हैं. नामीबिया ने टी 20 विश्व कप में क्या शानदार शुरुआत की है, यह एक बड़ा अपसेट है क्योंकि श्रीलंका की टीम इन्फॉर्म है और क्वालिफाइंग दौर में खेलने वाली सभी आठ टीमों में सबसे ज़्यादा मज़बूत भी लेकिन नामिबिया ने उसे हराकर बता दिया कि हम भी किसी से कुछ कम नहीं। जीत भी छोटी मोटी नहीं, 55 रनों के बड़े अंतर से टेस्ट प्लेइंग नेशन को हराना बहुत बड़ी कामयाबी है. यह नामीबिया की टॉप 10 टीमों के खिलाफ मिली पहली जीत है. तो इस तरह एक बड़े अपसेट के साथ फटाफट क्रिकेट के महाकुम्भ की इस शुरुआत ने बता दिया कि आगे क्या क्या हो सकता है.

नामीबिया ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 163 रनों का एक बड़ा स्कोर खड़ा किया। हालाँकि टीम की शुरुआत काफी खराब हुई थी लेकिन बाद के बल्लेबाज़ों ने न सिर्फ टीम को संभाला बल्कि एक ऐसा स्कोर खड़ा करने में भी कामयाब हुए जो ऑस्ट्रेलिया की उछाल भरी पिचों पर काफी सुरक्षित माने जाते हैं. नामीबिया के लिए उनके सबसे अनुभवी आलराउंडर यान फ़्रायलिंक ने ज़बरदस्त बल्लेबाज़ी करते हुए 28 गेंदों पर 44 रनों की आक्रमक पारी खेली वहीँ उनका जेजे स्मिट ने बखूबी साथ दिया और मात्र 16 गेंदों 31 रन जड़कर टीम के लिए एक बड़ा स्कोर खड़ा किया, उससे पहले यान निकोल लॉफ़्टी-इटन (20), स्टेफ़ान बार्ड (26० और कप्तान एरार्ड इरास्मस (20) ने टीम के लिए उपयोगी पारियां खेलीं. श्रीलंका के स्पिनर्स महीश थीक्षना और वनिंदु हसरंगा ने तो किफायती गेंदबाज़ी मगर उनके मीडियम पेसर रनों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे.

164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम पूरी पारी के दौरान कभी सहज नज़र नहीं आयी. कप्तान दसून शानका (29) और अनुभवी भानुका राजापक्षा (20) ने ज़रूर कुछ हिम्मत दिखाई मगर बाकी बल्लेबाज़ हवाई शॉट मारते हुए पवेलियन लौटते गए. श्रीलंका की पूरी टीम 19 ओवर में 108 रनों पर ढेर हो गयी. श्रीलंका के लिए यह हार इसलिए भी चिंता की बात है क्योंकि अभी हाल ही में उन्होंने एशिया कप को जीता है. श्रीलंका को अब सुपर 12 में पहुँचने के लिए अपने शेष दोनों मैच जो यूनाइटेड अरब अमीरात और नीदरलैंड के साथ खेले जाने हैं जीतना ज़रूरी होगा वहीँ नामीबिया इस बड़ी जीत के बाद सुपर 12 के लिए काफी आशन्वित हुआ होगा, उसे अब सिर्फ एक मैच में विजय की ज़रुरत होगी क्योंकि आज के मैच में मिली बड़ी जीत से उसका रन रेट भी काफी बेहतर है.

Exit mobile version