- आज शाम को है भारत-पाक के बीच क्रिकेट का महामुकाबला
- करवा चौथ के दिन हर पत्नी मांगे अपने पतिदेव का साथ
सुनील शर्मा
आज की शाम कहर बरपाने वाली शाम है। टी-20 वर्ल्ड कप में आज शाम को भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का महामुकाबला है। वहीं आज करवा चौथ का व्रत होने के कारण पत्नियां भी चाहती हैं की उनके पतिदेव शाम को उन्हें कहीं घुमाने ले जायें या शाम का समय सिर्फ उन्हीं के साथ गुजारें। ऐसे में क्रिकेट और करवा चौथ के बीच चल रहे अप्रत्यक्ष मैच की पिच पर बीचो-बीच खड़े पतिदेव यह सोचकर परेशान हैं कि वह कौन से ऐंड पर जाकर बैटिंग करें। दोनों ही तरफ दिल की लगी है, दोनों से ही भावनाएं जुड़ी हैं, दोनों से बेतहाशा प्यार भी है और दोनों में से किसी का भी हारना बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इसी असमंजस में फंसे पतिदेव/क्रिकेटप्रेमी कोई बीच का रास्ता निकाल कर क्रिकेट और करवा चौथ के बीच का अप्रत्यक्ष मैच ड्रा कराने की जुगत में लगे हैं। यानि इस मैच में दोनांे की ही जीत हो, प्राणों से प्यारी प्रिया भी नाराज न हो और शाम को होने वाल महामुकाबला भी पूरा देखने को मिल जाये।
Read also: टी-20 वर्ल्ड कप स्थगित, 2021 में कराने का फैसला
टी-20 वर्ल्ड कप में आज भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मैच सिर्फ एक मैच ही नहीं है बल्कि दोनों देशों के क्रिकेट प्रशंसकों के लिये प्रतिष्ठा का प्रश्न भी है। भारत और पाक के बीच होने वाले मैच के परिणाम का असर सड़कों से लेकर बार्डर पर भी देखने को मिलता है। टी-20 फार्मेट में भारत और पाकिस्तान के बीच 5 साल, 7 महीने और 5 दिनों के बाद कोई मैच हो रहा है तो मुकाबला देखने की बेताबी भी समझी जा सकती है। दुबई की पिच पर आज शाम 7.30 बजे दोनों टीमें मैदान पर उतरेंगी। दिल की धड़कनें रोक देना वाले महामुकाबले को देखने के लिये क्रिकेट फैंस ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। कहीं प्लान दोस्तों के साथ बैठकर मैच देखने का है तो कोई चाहता है कि घर पर ही टांगे फैलाकर टीवी पर मैच का आनंद ले। कुछ लोगों ने तो इस महामुकाबले को देखने के लिये पार्टी का भी खास इंतजाम किया हुआ है।
मगर आज सुहागिनों का प्रिय त्योहार करवा चौथ का दिन है। पति की लंबी आयु के लिये दिनभर निर्जला व्रत रखने वाली पत्नियां सोलह श्रृंगार कर पति के प्रति अपना प्रेम प्रदर्शित करती हैं। चांद के साथ पतिदेव का दीदार कर व्रत खोलने वाली महिलाओं की इच्छा होती है कि दिन में न सही मगर शाम को तो पतिदेव उनके साथ ही वक्त गुजारे। और आज रविवार के दिन छुट्टी होने के कारण पत्नियों की अपेक्षाएं और भी बढ़ गयी हैं। काफी समय बाद उन्हें करवा चौथ पर पतिदेव का अवकाश होने के कारण पूरे दिन उनके साथ रहने का अवसर मिला है। सुहागिनें भी चाहती हैं कि उनके पिया आज दिन भर उनके साथ वक्त बितायें, शाम को कहीं बाहर घुमाने ले जाये।
Read also: Best Gift Ideas: करवा चौथ पर दे अपने पति को शानदार गिफ्ट
ऐसे में क्रिकेट और करवा चौथ के बीच फंसे पतिदेव तय नहीं कर पा रहे हैं कि वो किस ओर जायें। करवा चौथ पर पत्नी को नाराज कर वह वैवाहिक जीवन की पिच पर क्लीन बोल्ड भी नहीं होना चाहते। लेकिन क्रिकेट मैच भारत और पाकिस्तान के बीच हो और वह भी टी-20 वर्ल्ड कप का तो उसे देखे बिना भी रहा नहीं जायेगा। जीत या हार से इतर पतिदेव यह चाहते हैं कि किसी प्रकार क्रिकेट और करवा चौथ का मैच ड्रा हो जाये। यानि वह पत्नी को भी खुश कर दें और मैच की हर गेंद भी देखने का मौका हासिल कर लें। इन्हीं प्रयासों के बीच पतिदेव नये-नये तरीके खोजने में लगे हैं। अब कामयाबी किस समझदार पति/ क्रिकेटप्रेमी के हाथ लगती है यह तो आज की शाम ही बतायेगी। लेकिन यह तय है कि आज शाम क्रिकेट के मैदान के साथ अनेक घरों में भी जंग जरूर होगी।

