भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गयी. चंदौली पहुँचते ही राहुल गाँधी ने मोदी सरकार पर एक बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि अग्निवीर योजना मोदी सरकार अडानी के लेकर आयी है ताकि रक्षा बजट का सारा पैसा अडानी को मिल सके. राहुल गाँधी ने कहा कि डिफेन्स के जितने भी प्रोजेक्ट हैं सबमें अडानी मौजूद हैं, सरकार नहीं चाहती कि रक्षा बजट सेना के जवानों की भलाई के लिए खर्च हो, सेना के जवानो को बजट का पैसा न मिले, उनकी तनख्वाह न बढे, यही वजह है कि सरकार अग्निवीर योजना लेकर आयी ताकि जवानो को परमानेंट नौकरी ही न मिल सके.
अग्निपथ योजना को युवाओं के साथ धोखा बताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अग्निवीर को ना कैंटीन सुविधा मिलेगी, ना पेंशन मिलेगी और ना शहीद का दर्जा मिलेगा। यह युवाओं के साथ धोखा है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने बताया कि देश में फैली नफरत का कारण डर है और डर का कारण अन्याय है। देश में किसानों और गरीबों की जमीनें छीनकर अरबपतियों को दी जा रही है। महंगाई और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि मोदी सरकार चाहती है कि सब लोग ठेके के मजदूर बनें। आज हिंदुस्तान में दो-तीन अरबपतियों को पूरा फायदा मिल रहा है और युवाओं का ध्यान भटकाकर उनका भविष्य छीना जा रहा है। केंद्र में इंडिया की सरकार आने पर पूरे हिंदुस्तान में रिक्त पड़े सरकारी पदों पर भर्ती की जाएगी। राहुल गांधी ने कहा कुछ ही दिन पहले हमने किसानों के लिए एमएसपी की लीगल गारंटी दी है। हम कानूनी गारंटी देंगे कि हिंदुस्तान के किसानों को सही एमएसपी दी जाए। ये एक ऐतिहासिक क्रांतिकारी कदम है तो मैं आपसे ये कहना चाहता हूं कि सामाजिक अन्याय हो रहा है, आर्थिक अन्याय हो रहा है, किसानों के खिलाफ अन्याय हो रहा है।

