नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पंजाब के बाद अब उत्तराखंड में भी 300 यूनिट फ्री बिजली देने का चुनावी वादा किया. पंजाब की तरह केजरीवाल ने किसानों को मुफ्त बिजली और पुराने बिल माफ़ किये जाने का वादा भी किया.
दो पार्टियों के बीच पिस रही है जनता
देहरादून में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आज केजरीवाल ने कहा कि उत्तराखंड की जनता दो पार्टियों के बीच में पिस रही है. उन्होंने कहा, “सत्ताधारी पार्टी के पास मुख्यमंत्री ही नहीं है. किसी एक को बनाते हैं फिर कुछ दिन बाद पता चलता है कि यह तो निकम्मा है, फिर उसको बदल देते हैं.”
भाजपा-कांग्रेस में केवल कुर्सी की लड़ाई
केजरीवाल ने कहा, उत्तराखंड की जनता के विकास के बारे में कौन सोचेगा? क्या इन दोनों पार्टियों में से किसी को उत्तराखंड की जनता, उत्तराखंड के विकास, उत्तराखंड के लोगों के बारे में चिंता है?” केजरीवाल ने कहा कि दोनों पार्टियां केवल कुर्सी की लड़ाई लड़ रही हैं.
महिलाऐं सबसे ज़्यादा दुखी
उन्होंने कहा, “आज इतनी महंगाई हो गई है कि आम आदमी को अपना घर चलाना मुश्किल हो रहा है. किसी भी परिवार में चले जाइए, सबसे ज्यादा दुखी महिलाएं हैं क्योंकि आदमी कमाकर अपने घर में मां, बहन, पत्नी को देता है और फिर पूरे महीने का खर्चा तो महिलाओं को चलाना पड़ता है.”

