कांग्रेस पार्टी महासचिव ने कल प्रधानमंत्री मोदी की तुलना उन शादीवाले अंकल से की थी जो समारोह में किसी एक कोने में बैठकर नौजवानों को ज्ञान बांटते हैं , प्रियंका ने प्रधानमंत्री के मंगल सूत्र और संपत्ति मुसलमानों में बांटे जाने वाले बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि अगर ये अंकल जी युवाओं से कहें कि कोई आएगा और उनका घर, सम्पति, सोना गहना सब छीनकर दूसरों में बाँट देगा तो उनकी बातें सुन रहे युवा उनपर हसेंगे और यही कहेंगे कि अंकल जी कैसी बातें कर रहे हो, लगता है सठिया गए हो. प्रियंका के बाद राहुल गाँधी ने उन अंकल जी की तुलना सीधे प्रधानमंत्री मोदी से कर दी. ओडिशा की चुनावी सभा में राहुल गाँधी ने कहा कि ओडिशा में BJP-BJD की शादी हो चुकी है। ‘दिल्ली वाले अंकल’ और नवीन बाबू ने इस शादी में ओडिशा की जनता को ‘PAANN’ ( PA- पांडियन, A- अमित शाह, N- नरेंद्र मोदी, N- नवीन पटनायक) दिया है।
राहुल ने कहा कि दिल्ली और ओडिशा में एकसाथ चुनाव हो रहे हैं। जैसे नरेंद्र मोदी ने चंद लोगों की सरकार दिल्ली में चलाई, वैसे ही नवीन जी यहां कुछ चुनिंदा लोगों की सरकार चलाते हैं। BJD और BJP की शादी हो रखी है! दोनों ने मिल कर जनता को सिर्फ चूना लगाया है और खिलाया है ‘पान’.
इसे पहले आज सुबह अपनी ‘एक्स’ पर पोस्ट राहुल गाँधी ने लिखा कि बीजेपी नेताओं और नरेंद्र मोदी के करीबियों के बयानों से अब साफ हो गया है कि उनका उद्देश्य है-संविधान बदल कर देश का लोकतंत्र तबाह कर देना और दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों का आरक्षण छीन कर देश चलाने में उनकी भागीदारी खत्म करना। राहुल गांधी ने कहा कि आरक्षण और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी हमेशा की तरह चट्टान बनकर बीजेपी के सामने खड़ी है। राहुल का कहना है जब तक कांग्रेस पार्टी है, वंचितों से उनका आरक्षण कोई ताकत नहीं छीन सकता।

