अफ़ग़ानिस्तान ने इंग्लैंड को चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर किया

फीचर्डअफ़ग़ानिस्तान ने इंग्लैंड को चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर किया

Date:

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के ग्रुप बी के महत्वपूर्ण मैच में अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में हराकर सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया। अफगानिस्तान द्वारा रखे गए 326 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 317 रनों पर ऑल आउट हो गई। जो रूट की 120 रन की मेहनतभरी पारी भी बेकार गई। वहीँ अफ़ग़ानिस्तान टीम के हीरो इब्राहिम जादरान और अजमतुल्लाह उमरजाई रहे. जादरान ने ऐतिहासिक 177 रनों की पारी खेली तो उमरजाई ने विकटों का पंजा लगाया।

लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले जा रहे टूर्नामेंट के आठवें मैच में अफगानिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का अफगानिस्तान का फैसला अच्छा साबित नहीं हुआ, क्योंकि उसके पहले तीन विकेट 37 रन पर गिर गए।

इब्राहिम जादरान ने चौथे विकेट के लिए हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ 103 रन और पांचवें विकेट के लिए अजमतुल्लाह उमरजई के साथ 72 रन की साझेदारी करके अपनी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। इस दौरान जादरान ने अपना शतक भी पूरा किया।

इंग्लैंड के गेंदबाज तब और भी असहाय हो गए जब अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी और इब्राहिम जादरान ने छठे विकेट के लिए 55 गेंदों पर 111 रनों की तेज साझेदारी कर दी। इब्राहिम जादरान ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर कैच आउट होने से पहले 323 के कुल स्कोर पर 177 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 12 चौके और 6 छक्के शामिल थे।

एक रन बाद मोहम्मद नबी भी कैच आउट हो गए। उन्होंने 24 गेंदों पर 40 रनों की पारी खेली, जिसमें 3 छक्के और 2 चौके शामिल थे। अफगानिस्तान की टीम निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 325 रन बनाने में सफल रही। इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर ने 3, लियाम लिविंगस्टन ने 2, जबकि जेमी ओवरटन और आदिल राशिद ने एक-एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 317 रन पर ऑल आउट हो गई। इंग्लैंड के विकेट लगातार गिरते रहे, लेकिन जो रूट ने 120 रनों की शानदार पारी खेली और अन्य खिलाड़ियों के साथ साझेदारी बनाकर अपनी टीम को जीत तक पहुंचाया। हालांकि, अंतिम क्षणों में, अफगानिस्तान ने एक बार फिर जो रूट का विकेट लेकर मैच में वापसी की और तीन विकेट लेकर इंग्लैंड को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल की दौड़ से भी बाहर कर दिया।

इंग्लैंड के लिए बेन डकेट और जोस बटलर ने 38-38 रन बनाए, जबकि जेमी ओवरटन ने 32 रन बनाए। अफगानिस्तान के लिए अजमतुल्लाह उमरजई ने 5, मोहम्मद नबी ने 2, जबकि फजल-उल-हक फारूकी, राशिद खान और गुलबदीन नैब ने एक-एक विकेट लिया।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related