महाराष्ट्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नासिक के सिन्नर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोग घायल भी हो गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पातल में भर्ती कराया गया हैं। मृतकों में 7 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं। जबकि, हादसे में 35 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को पास के साईंबाबा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सुबह 6 बजे हुआ हादसा
पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रहे है। यह भयानक सड़क हादसा सिन्नार-शिरडी हाईवे पर सुबह करीब 6 बजे उस वक्त हुआ जब पथारे गांव के वनरई होटल के पास एक निजी लग्जरी बस और ट्रक की टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद चीख पुकार मच गयी. पीछे से आ रही गाड़ियों के यात्रियों और आसपास के लोगों ने वहां पहुंचकर घायलों की मदद की.
मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद
जानकारी के मुताबिक इस बस में अंबरनाथ ठाणे क्षेत्र से करीब 40 श्रद्धालु शिरडी जा रहे थे। यह बस भी उन 15 बसों के काफिले के साथ थी जो उल्हासनगर से साईं दर्शन के लिए रवाना हुई थीं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बस हादसे पर दुख जताया है और जांच के निर्देश दिए हैं साथ ही हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये देने और घायलों को मुफ्त इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।

