औरैया सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया है. यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी इस मामले में दोषियों को बख्शने के मूड में नहीं है. उन्होंने बॉर्डर के दो थानाध्यक्षों को सस्पेंड कर दिया है. साथ ही उस एरिया के क्षेत्राधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है. इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पुलिस अधिक्षक व अतरिक्त पुलिस अधीक्षक मथुरा एवं आगरा से मामले में स्पष्टीकरण मांगा है. इसके अलावा एडीजी और आईजी आगरा से भी घटना में स्पष्टीकरण देने को कहा गया है.
ट्रक मालिकों और चालकों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा
मुख्यमंत्री ने आदेश दिए हैं कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रक मालिकों व चालकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जाएग और साथ ही वाहनों को जब्त किया जाए. श्रमिकों और कामगारों को भोजन पानी देकर बसों से सुरक्षित भिजवाने के लिए भी कहा है.
ट्रक से न चले प्रवासी मजदूर
मुख्यमंत्री द्वारा सभी बॉर्डर क्षेत्रों में इस निर्देश पर फिर से बल दिया गया है कि ट्रक आदि असुरक्षित साधनों से कोई भी व्यक्ति न चले. मुख्यमंत्री द्वारा बॉर्डर के हर जिले में 200 बस जिलाधिकारी के निवर्तन पर रखने का आदेश पहले ही दे रखा है. साथ ही श्रमिकों को बस से भेजने के लिए धनराशि भी स्वीकृत की है.मुख्यमंत्री ने शनिवार को सभी जिलों के जिलाधिकारियों को फिर से निर्देश दिया है कि इन आदेशों का कड़ाई से पालन किया जाए. घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतक मजदूरों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों के उपचार के लिए 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है.
कैसे हुआ हादसा?
लॉकडाउन में भी सरकारों के प्रवासी कामगार-श्रमिकों को उनके घरों तक पहुंचाने के तमाम इंतजाम के बीच भी लोग पैदल या फिर खतरा मोल लेकर घरों की ओर रुख कर रहे हैं. ऐसे ही लोगों से भरे ट्राला को शनिवार को औरैया में डीसीएम ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 लोग घायल हैं.उधर,राजस्थान से बिहार और झारखंड जा रहे प्रवासियों के ट्रक और खड़ी डीसीएम में टक्कर हो गई. गंभीर रूप से घायल 15 मजदूरों को सैफई के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. जबकि अन्य घायल जिला अस्पताल में भर्ती हैं.
एमपी में भी हादसा
एमपी के सागर के दलबतपुर में मजदूरों को लेकर जा रही एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 20 मजदूर घायल हो गए हैं. प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया गया है.
रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू
रिपोर्ट के मुताबिक ये दुर्घटना सागर से छतरपुर की ओर जा रहे ट्रक के पलटने से हुई है. इसमें हादसे में 20 लोग घायल बताए हुए हैं. घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की जानकारी मिलते ही सागर और छतरपुर दोनों जिलों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है.

