लखनऊ । उप्र में हमीरपुर की ओर रुख कर चुका टिड्डी दल बुधवार को बांदा और चित्रकूट के आसपास मंडराता रहा. विशेषज्ञों की टीम इस पर काबू पाने की जुगत लगा रही थी कि देर शाम मध्य प्रदेश के अशोक नगर में तीसरे दल के दिखाई पडऩे से हलचल बढ़ गई. झांसी, हमीरपुर व सोनभद्र के साथ सूबे के सीमावर्ती जिलों में हाई अलर्ट कर दिया गया है. राजधानी लखनऊ में भी आने की आशंका के चलते निगरानी तंत्र सक्रिय हो गया है.
फायर ब्रिगेड अलर्ट
दल छोटे होने की वजह से इन्हें नियंत्रित करने में केंद्रीय कीटनाशी प्रबंध संस्थान के अधिकारियों को परेशानी आ रही है. जिला कृषि रक्षा अधिकारी धनंजय सिंह ने बताया कि राजधानी में 25 हजार लीटर कीटनाशक रिजर्व रखा गया है. फायर ब्रिगेड को भी अलर्ट में रहने के निर्देश दिए गए हैं.
ऐसे होगा बचाव
टिड्डी दल दिखे तो किसान ड्रम या तेज आवाज करने वाले संसाधनोंं को बजाएं. आसमान में झुंड दिखे तो जिला कृषि अधिकारी को सूचित करें. आम के बाग में पानी भर दें, जिससे टिड्डियां जमीन पर अंडे न दे सकें. बागवान क्लोरोपायरीफास 50 फीसद या डेल्टामैथरिन 28 फीसद की एक मिली मात्रा को एक लीटर पानी में घोलकर पेड़ों पर छिड़काव करें.

