टोक्यो। पूर्वी चीन सागर में चीनी हरकतों से जापान सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। जापान इन्हीं खतरों से निपटने के लिए अब लंबी दूरी की क्रूज मिसाइलें तैनात करने की योजना तेजी से बना रहा है। जापान के बड़े मीडिया संस्थान योमियुरी शिम्बन के अनुसार जापानी मिसाइलों की तैनाती नैंसेई द्वीप पर अब कभी भी की जा सकती है। बता दें, यह द्वीप उत्तर कोरिया और चीन के पास स्थित है। इन दोनों ही देशों से जापान को काफी खतरा है। जापान की योजना अब इस द्वीप पर 100 किलोमीटर रेंज वाली एक हजार मिसाइलें तैनात करने की है। जिनको जहाजों और विमानों से लॉन्च किया जाएगा। ऐसा जापान अपनी सुरक्षा को लेकर कर रहा है।
Read also: Russia-Ukraine War Updates: अमेरिका की सलाह नागरिक तुरंत छोडे़ यूक्रेन, युद्ध को पूरे हुए छह माह
रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार जापान अपनी एक मिसाइल टाइप 12 की क्षमता बढ़ाने पर विचार कर रहा है। पूरी तरह से जापान में तैयार यह मिसाइल जमीन से किसी जंगी जहाज पर एक हजार किमी की रेंज में किसी लक्ष्य पर निशाना साध सकने में सक्षम है। इसको योजना से दो साल पहले 2024 में तैनात किया जाएगा। जापान की तरफ से समुद्र में मिसाइलें तैनात करने की खबरें अब ऐसे समय में सामने आ रही हैं कि जब चीन ने अमेरिकी संसद स्पीकर नैंसी पेलोसी की यात्रा के बाद ताइवान को चारों तरफ से घेर लिया है और सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास कर रहा है। जापान का आरोप है कि चीन के इस सैन्य अभ्यास की आंच जापानी तट तक पहुंची थी। इस कारण चीन के ताइवान और पूर्वी सागर में हमलावर रुख को देखते हुए ही जापान को अब सचेत रहना पड़ रहा है। जिससे जापान समय रहते अपनी सीमाओं की सुरक्षा कर अपना बचाव कर सकता है।

