लॉकडाउन के कारण सारे सिनेमाघर बंद ऐसे में कोई भी अभिनेता अपनी फिल्मों के लेकर सिनेमाघरों में दस्तक नहीं दे पा रहा है। लॉकडाउन के कारण बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री को करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है, जिस कारण ऐसा सुनने में आ रहा है कि कई सारे फिल्मकार अपनी फिल्मों को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने की सोच रहे हैं।
मीडिया की खबरों में ऐसी चर्चाएं चल रही हैं कि अक्षय कुमार की ‘लक्ष्मी बम’, सलमान खान की ‘राधे-योर मोस्ट वांटेड भाई’ और अर्जुन कपूर की ‘संदीप और पिंकी फरार’ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो सकती हैं। हालांकि केआरके ने अपने ताजा वीडियो के माध्यम से बताया है कि बॉलीवुड का कोई भी ए-लिस्ट कलाकार अपनी फिल्म को लेकर ओटीटी पर नहीं आएगा। अगर वो ऐसा करते हैं तो उनके स्टारडम पर सवाल खड़ा होगा और उनका भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।
केआरके ने बताया है कि बॉलीवुड के सभी बड़े स्टार्स थिएटर खुलने का इंतजार करेंगे और उसके बाद अपनी फिल्में रिलीज करेंगे। अगर वो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी फिल्में लेकर आते हैं तो उनमें और छोटे-छोटे स्टार्स में कोई अंतर नहीं रह जाएगा। केआरके ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा है कि इंडस्ट्री के मध्यम कलाकार ओटीटी का रुख कर सकते हैं क्योंकि उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं करती हैं।

