लखनऊ : प्रदेश में शुरू हो चुकी सरगर्मियों के बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी सरकार पर एक बड़ा हमला करते हुए कहा कि प्रदेश कोरोना संक्रमण के साथ ही राजनीतिक संक्रमण से भी जूझ रहा है.
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कुछ ही दिन बचे हैं। ऐसे में अब मुख्यमंत्री का नियंत्रण भी ढीला पड़ता जा रहा है। जिस तरह से दिल्ली-लखनऊ के बीच तनातनी के संकेत हैं उससे लगता है कि जो दिख रहा है वह अगले संकट का संकेत है। सरकार नाकाम है और मुख्यमंत्री जी निष्क्रिय। फिर भी दिल्ली की दौड़ किस लिए हो रही है । राज्य की जनता सच्चाई से परिचित है।
कोरोना संक्रमण की संख्या आंकड़ो में भले हेराफेरी से कम हो गई है लेकिन अभी भी अस्पतालों में और घरों में संक्रमित कम नही है। खुद पीजीआई की सर्वे रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि 80 प्रतिशत मरीजों के साइनस पर फंगस हमला कर रहा है। फंगस के समुचित इलाज की सुविधाएं अभी भी अपर्याप्त हैं। कोरोना संक्रमितों में अब दूसरी बीमारियों के लक्षण भी दिखाई पड़ने लगे हैं। मरीज तड़प रहे हैं। डाक्टर अपने प्रशासनिक अधिकार छीने जाने से परेशान है, संविदा पर नियुक्त पैरामेडिकल स्टाफ शटल बने हुए है।

