उत्तराखंड पुलिस ने माॅडल शिवानी यादव और उसके साथी को स्मैक के साथ किया गिरफ्तार
विकासनगर। लाॅकडाउन के दौरान काम न होने के कारण आर्थिक तंगी का सामना कर रही हरियाणवी माॅडल ने उत्तर प्रदेश से स्मैक लेकर देहरादून में बेचना शुरू कर दिया। मगर वाहनों की चेकिंग के दौरान तस्करी कर लायी जा रही स्मैक के साथ उत्तराखंड पुलिस ने माॅडल और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
हरियाणवी माॅडल और डांसर शिवानी को लाॅकडाउन के बाद से ही काम नहीं मिल रहा था। आर्थिक रूप से परेशान शिवानी ने स्मैक तस्करी करने का रास्ता चुन लिया। शिवानी उत्तर प्रदेश से स्मैक की तस्करी कर देहरादून में बेचती थी। विकासनगर के हरबर्टपुर चैक पर वाहनों की चेकिंग के दौरान सहारनपुर की तरफ से आई एक कार को रोका गया। कार में बैठी माॅडल शिवानी यादव और उसके साथी पुलिस के सवालों का सही तरह से जवाब नहीं दे पाये। शक होने पर पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो दोनों के पास से छह-छह ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने दोनो को हिरासत में लेते हुए कार को सीज कर दिया।
पुलिस का कहना है कि शिवानी के साथ पकड़ा गया युवक देहरादून निवासी प्रवीण राणा है। हरियाणवी माॅडल और डांसर शिवानी के कई डांस वीडियोज भी यू ट्यूब पर हैं। पुलिस के अनुसार शिवानी यादव खुद भी नशे की आदी है और लाॅकडाउन में आर्थिक तंगी से परेशान होकर यूपी के मिर्जापुर से स्मैक की तस्करी कर देहरादून में बेचने लगी थी। पुलिस नेएनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनो आरोपियों को जेल भेज दिया है।

