कानपुर पुलिस ने सट्टेबाजों के बड़े गैंग का किया खुलासा
सट्टेबाजी के सूत्र दिल्ली के कपूर से जुड़े, पुलिस कर रही जांच
कानपुर। सट्टेबाजी का जाल कितना फैल चुका है यह हकीकत तब सामने आयी जब कानपुर पुलिस ने सट्टेबाजों का गिरोह पकड़ कर उनके पास से दो करोड़ सात लाख रुपये बरामद किये। चार सट्टेबाजों से बरामद यह रकम बता रही है कि उत्तर प्रदेश में सट्टेबाजी का काला कारोबार कितना फैल गया है। इस मामलें में पुलिस जांच कर रही है और माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में और गिरफ्तारियों के साथ कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
कानपुर पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी पश्चिम डाॅक्टर अनिल कुमार व एसपी साउथ दीपक कुमार ने सट्टेबाजी के खेल का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि नौबस्ता, रायपुरवा और गोविंदनगर पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार सट्टेबाजों को दो करोड़ सात लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया है।
पकड़े गये अभियुक्त अनिल गुप्ता उर्फ अनीश, विनय मिश्रा, सौरभ अरोड़ा, विनय कुमार गुप्ता से पूछताछ में पता चला है कि इस सट्टेबाजी का सूत्रधार दिल्ली निवासी कपूर नामक व्यक्ति है जिसने आगरा के विक्की और अंकुश को अपना को-एजेंट बनाया और इन दोनों ने कानपुर में सट्टेबाजी के लिए आईडी भेजी थी। यह गिरोह क्रिकेट के अलावा अन्य मामलों में भी सट्टेबाजी कराता है। अभियुक्तों के पास से मोबाइल और डायरी से पता चला है कि एक दिन में यह लोग लाखों रुपये का ट्रांजैक्शन करते थे। पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।

