लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना वैक्सीन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सोमवार को गोरखपुर में वकीलों के कार्यक्रम में कहा कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो मकर संक्रांति से कोरोना वैक्सीन लगाई जा सकती है। देश के अलग अलग राज्यों की तरह यूपी में कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन शुरू हुआ। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों भवनों की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री दो दिनों में कैम्पियरगंज, सहजनवां और बांसगांव में भी अधिवक्ता चैंबर भवन का शिलान्यास करेंगे।
75 जिलों में 5 जनवरी से ड्राई रन
5 जनवरी को प्रदेश के सभी 75 जिलों के 6-6 स्थानों पर ड्राई रन किया जाएगा। इन 6 स्थानों में से 3 शहरी और 3 स्थान ग्रामीण क्षेत्रों में होंगे । योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 6 जिलों में ड्राई रन चल रहा है और मकर संक्रांति से प्रदेश की जनता के लिए वैक्सीनेशन की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। टीकाकरण के लिए प्रदेश में जिला स्तर पर की जा रही व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की जा रही है। वैक्सीन के लिए प्रभावी कोल्ड चेन सिस्टम तैयार करने के लिए कोशिश तेज कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि राज्य में हर लोगों को कोरोना वैक्सीन मुहैया कराया जाए।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मण्डलायुक्तों, जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों,पुलिस अधीक्षकों को अपने कार्यालय से दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मण्डलायुक्त, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक,पुलिस अधीक्षक केवल शासकीय कार्यालय से ही शासकीय कार्यों का संचालन करें तथा लोगों के बीच जाकर, संवाद स्थापित करते हुए जन समस्याओं के प्रभावी निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

