- अधिक रक्तस्राव व सदमा लगने से हुई महिला की मौत
- आरोपी महंत सहित दो के खिलाफ गैंगरेप, हत्या का मुकदमा
बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक महिला के साथ हुए गैंगरेप के बाद की गयी हैवानियत ने निर्भया कांड के जख्मों को फिर हरा कर दिया। 50 वर्षीय आंगनबाड़ी सहायिका के साथ गैंगरेप कर उसके गुप्तांग में राॅड जैसी कोई चीज डालने की बात सामने आयी है। हैवानों ने महिला का बाईं पसली, बायां पैर और बायां फेफड़ा भी वजनदार प्रहार से क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस आरोपी महंत उसके एक चेले व ड्राइवर के खिलाफ गैंगरेप और हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है। इस घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है।
उघैती थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 50 वर्षीय आंगनबाड़ी सहायिका गांव स्थित मंदिर में रोजाना की तरह रविवार को भी पूजा करने गयी थी। परिजनों द्वारा दी गयी तहरीर के अनुसार देर रात मंदिर का महंत अपनी बोलेरो से आया और महिला का शव घर के सामने फेंक कर चला गया। इस मामले में परिजनों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया लेकिन उघैती पुलिस ने इस गंभीर प्रकरण को नजरअंदाज करते हुए घटनास्थल का मुआयना करना भी जरूरी नहीं समझा। लोगों के विरोध के बाद सोमवार दोपहर को महिला का शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया। पीएम रिपोर्ट में महिला के गुप्तांग में गंभीर घाव होने के कारण अत्याधिक रक्तस्राव होने की बात सामने आयी। रिपोर्ट के अनुसार महिला के गुप्तांग में लोहे की राॅड या सब्बल घुसाने की बात कही गयी है। पीएम रिपोर्ट के सामने आते ही पुलिस सोते से जागी और बाबा सत्यनारायण, उसका चेला वेदराम व ड्राइवर जसपाल के खिलाफ गैंगरेप और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। तीनों आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
मानवता को शर्मसार करने वाली इस वीभत्स घटना को लेकर चैतरफा आक्रोश है। लोगों में जहां आरोपियों के खिलाफ गुस्सा है वहीं पुलिस द्वारा समय से कार्रवाई न किये जाने को लेकर भी आक्रोश व्याप्त है। माना जा रहा है कि इस मामले में उघैती पुलिस सवालों के घेरे में है और जल्द ही उनपर शासन या विभाग की ओर से कार्रवाई की जा सकती है।

