धर्म के साथ स्वच्छता का ज्ञान भी दे रहे संतो के शिविर
माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति कर रहे जागरूक
प्रयागराज। माघ मेला में आकर अपना जीवन सफल करने की चाह रखने वाले श्रद्धालुओं को इस बार धर्म के ज्ञान के साथ स्वच्छता का ज्ञान भी दिया जा रहा है। संतों के शिविर में श्रद्धालुओं को ज्ञान के साथ साबुन, सेनेटाइजर और मास्क भी मिल रहे हैं। प्रवचन सुनने जाते हैं तो उन्हें हाथ धोने, सामाजिक दूरी बनाने और स्वच्छता बनाये रखने का संदेश भी सुनने को मिलता है।
माघ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिये जहां सरकार और प्रशासन विभिन्न तरीकों से जागरूकता अभियान चला रही है। वहीं माघ मेला में बने संतों के शिविर भी कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये हाथ धोने, सामाजिक दूरी बनाने और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने को प्रेरित किया जा रहा है। दो गज दूरी, मास्क है जरूरी का संदेश माघ मेला क्षेत्र में लगे शिविरों में गूंज रहा है। धर्म की गंगा बहाने वाले शिविरों में स्वच्छता के आध्यात्मिक महत्व को भी बताया जा रहा है।
माघ मेला क्षेत्र में लगे शिविरों में आने वाले श्रद्धालुओं को साबुन से 20 सेकंड तक हाथ धोने को प्रेरित किया जा रहा है। हाथ हर बार धोएं, खाने के पहले व बाद में, खरीदारी करने के पहले व बाद में का संदेश देकर श्रद्धालुओं को संक्रमण से बचाने का प्रयास किया जा रहा है। शिविरों में प्रवचन के बाद स्वच्छता पर भी चर्चा की जा रही है। बिना मास्क पहने प्रवचन सुनने के लिये आने वाले श्रद्धालुओं शिविर में मास्क भी दिया जा रहा है। वहीं माघ मेला में सामाजिक दूरी बनाये रखने और सेनेटाइजेशन का ख्याल रखने के लिये भी श्रद्धालुओं को प्रेरित किया जा रहा है।

