नई दिल्ली। देश की केंद्रीय खुफिया जांच एजेंसी और इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस को लेकर दिल्ली एनसीआर में अलर्ट जारी किया है। दिल्ली पुलिस और आसपास के जनपदों की पुलिस को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। दिल्ली से सटे उप्र के जिलों और हरियाणा के जिलों में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए है। आईबी ने दिल्ली पुलिस को खासतौर पर अलर्ट रहने को कहा है। आईबी की रिपोर्ट के मुताबिक आगामी 15 अगस्त तक आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद किसी बडे़ हमले को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। आईबी ने दिल्ली पुलिस के साथ ही एनसीआर के अन्य जिलों की पुलिस केा भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
Read also: China-Taiwan Dispute: ताइवान को घेरने की फिराक में चीन,सीमा के आसपास सैन्य अभियान शुरू
इसको लेकर आईबी ने अपने दस पेज की रिपोर्ट में लश्कर-ए-तैयबा और जैश के अलावा रेडिकल संगठनों से इस बार 15 अगस्त पर खतरा जताया है। रिपोर्ट में जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर हमले का जिक्र है। दिल्ली पुलिस और अन्य प्रदेशों की पुलिस को दिए निर्देश में कहा है कि आगामी 15 अगस्त को आयोजन स्थल पर प्रवेश के नियमों में अधिक से अधिक सख्ती बरती जाए। आईबी ने हाल में ही उदयपुर और अमरावती की घटनाओं का भी जिक्र करते हुए निर्देश दिए हैं कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर रेडिकल ग्रुप और उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। वहीं रात के समय और तड़के गश्त को तेज किया जाए। मेरठ जोन में भी एडीजी मेरठ राजीव सभरवाल ने सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को अलर्ट जारी करते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने और रात्रि में गश्त तेज करने के निर्देश दिए है।

