भारत में क्रिकेट का क्रेज़ कभी कभी जानलेवा साबित हो जाता है, मैचों को देखने के लिए क्रिकेट की दीवानों की दीवानगी कभी कभी बड़ी भारी पड़ जाती है, ऐसा ही कुछ हैदराबाद में हुआ जहाँ ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच टी 20 श्रंखला का तीसरा मैच 25 सितम्बर को खेला जाना है. इस मैच को स्टेडियम में बैठकर देखने के लिए हैदराबाद में ज़बरदस्त क्रेज़ है क्योंकि यहाँ तीन साल बाद कोई अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला जा रहा है, उसी का नतीजा है कि टिकट पाने केलिए लोगों की ज़बरदस्त भीड़ लगी हुई है. पर इस बीच वहां से एक बुरी खबर ये आयी कि टिकट पाने की चाहत में एक महिला की मौत हो गयी.
दरअसल मैच का टिकट खरीदने के लिए जिमखाना ग्राउंड के बाहर रात से ही लोगों का जमावड़ा शुरू हो गया था, सुबह तक भीड़ इतनी हो गयी कि पुलिस को उनके कंट्रोल करने के लिए लाठियां भी चलानी पड़ीं, इसी दौरान भीड़ में मची भगदड़ में एक महिला क्रिकेट फैन की मौत हो गयी. इस भगदड़ में काफी संख्या में लोग घायल हो गए जिसमें पुलिस कर्मी और महिलाएं भी शामिल हैं.
दरअसल अपने चहीते खिलाड़ियों को रूबरू देखने की चाहत में इस तरह की घटनाएं होती हैं, वहीँ ऐसी घटनाओं के लिए आयोजक भी कम ज़िम्मेदार नहीं हैं. उन्हें यह अच्छी तरह मालूम था कि हैदराबाद में इतने लम्बे अंतराल के बाद कोई इंटरनेशनल मैच हो रहा है, इस वक्त विश्व कप का माहौल है ऐसे में भारी भीड़ का जुटना एक आम बात है. टिकट वितरण का अगर ढंग से इंतज़ाम किया जाय तो इस तरह की घटनाओं से आराम से बचा सकता है.

