नई दिल्ली: DCGI ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करके ऐलान किया कि सरकार ने 2 कोविड-19 वैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल के लिए मंजूरी दे दी है। DCGI ने सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशील्ड और भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को मंजूरी दी है। कोवैक्सीन भारत बायोटेक और ICMR ने मिलकर तैयार की है। इसी बीच पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट के CEO अदार पूनावाला का बड़ा बयान सामने आया है। अदार पूनावाला ने सभी देशवासियों को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि कोविशील्ड कोरोना महामारी के खिलाफ भारत का पहला टीका बन गया है। उन्होंने ट्वीट किया कि सीरम इंस्टीट्यूट ने वैक्सीन बनाने में जो रिस्क लिया था आज उसका फल मिल चुका है। कोविशील्ड भारत की पहली कोरोना वैक्सीन है जो सुरक्षित भी है और प्रभावी भी है।
DCGI के वी.जी सोमानी ने आज सुबह कहा था कि भारत में कोरोना वैक्सीन के आपातकालीन प्रयोग के लिए सीरम इंस्टीट्यूट और भारत बायोटेक के टीकों को मंजूरी दी जा रही है। इसी के साथ माना जा रहा है कि बहुत जल्द भारत में टीकाकरण अभियान शुरू हो जाएगा।

