नई दिल्लीः केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि आज से दो साल में इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमत पेट्रोल वाहनों के बराबर होगी। जहाँ पचास हजार का तेल लगता है वहाँ दो हजार की बिजली लगेगी। उन्होंने दावा किया कि दो साल हम ऐसे इलेक्ट्रिक बस और कार बनाएंगे जो दिल्ली से बलिया तक एक बार चार्ज कर के आएगी और जाएगी।
देश भर में 7.89 लाख करोड़ रुपये की राजमार्ग परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं और कोविड-19 महामारी के कारण हुई देर की वजह से, इनके काम में तेजी लाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। देश में ऐसी कुल 2,084 परियोजनाएं 63,523 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण से संबंधित हैं। सड़क परिवहन, राजमार्ग और एमएसएमई मंत्री नितिन गडकरी ने बताया, “मौजूदा तारीख तक राष्ट्रीय राजमार्गों पर 2,084 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। परियोजनाओं के शुरु होने की तारीख से पूरा होने के लिए दो से तीन साल की समय अवधि दी गई है।” उन्होंने कहा कि राजमार्गों के 63,523 किलोमीटर हिस्सों के निर्माण के लिए इन परियोजनाओं की लागत 7.89 लाख करोड़ रुपये है।

