- जनपद में आज 14 कोरोना संक्रमितों की मौत
- 13186 हो गये हैं जिले में कोरोना एक्टिव केस
प्रयागराज। जनपद प्रयागराज में शुक्रवार को 1232 नये कोरोना संक्रमित मिलने के साथ जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 69137 हो गया है। वहीं जिले में अब कोरोना एक्टिव केस 13186 हो गये हैं। आज 2193 लोगों को विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया जिन्हें मिलाकर कोरोना को मात देने वालो का आंकड़ा 55283 हो गया है। वहीं आज 14 कोरोना संक्रमितों की मौत हो जाने से संक्रमण के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 668 हो गयी है। (आंकड़ों का स्रोतः कोविड19इंडिया.ओआरजी)
गांवों में फैल रहा कोरोना संक्रमण
अब इसे पंचायत चुनाव का असर कहें या कुछ और लेकिन अब कोरोना संक्रमण शहर से ज्यादा ग्रामीण इलाकों में फैलता दिख रहा है। हालिया दिनों में अस्पताल पहुंचने वाले अधिकांश संक्रमित ग्रामीण इलाकों से हैं। चिकित्सकों के अनुसार इन दिनों 70 फीसदी मरीज ग्रामीण क्षेत्रों से आ रहे हैं। जांच के बाद रिपोर्ट मिलने और अस्पताल तक आने के लंबे अरसे के बीच उनकी हालत गंभीर हो जा रही है जिससे उनकी जान को खतरा हो जाता है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय और काॅलेज अब 5 जुलाई को खुलेंगे
प्रयागराज में कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संबद्ध काॅलेजों में चार मई से चार जुलाई तक गर्मी की छुट्टियांे की घोषणा कर दी गयी है। अब नए शैक्षिक सत्र में इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं काॅलेज 5 जुलाई को खुलेंगे। शुक्रवार को कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई आॅनलाइन बैठक में यह निर्णय लिया गया।गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने 10 अप्रैल से आॅनलाइन मोड में चल रही सभी परीक्षाओं को स्थगित कर परिसर को 21 अप्रैल तक के लिए बंद कर दिया गया था। इसके बाद कोविड के चलते विश्वविद्यालय एवं काॅलेजों के 100 से अधिक शिक्षक एवं कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाये गये थे।

