दो बार शहर आए बिग बी, अगले महीने जाहन्वी और वरुण धवन होंगे मौजूद
Zeba Hasan
यूपी और बॉलीवुड का रिश्ता दिन ब दिन मजबूत हो रहा है। इन दिनों जिस तरह से हिंदी सिनेमा (Hindi cinema) में देसी कहानियों ने अपनी पकड़ बनाई है उसमें यूपी बेल्ट का बहुत बड़ा योदान है। कहानियों से लेकर यूपी के कुछ लोकेशंस बॉलीवुड की खास पसंद बन चुके हैं। इनमें लखनऊ और आसपास के कुछ ठिकाने फिल्म मेकर्स को अपनी ओर आए दिन खींच रहे हैं। पिछले एक महीने की बात करें तो अमिताभ बच्चन, सनी देओल, तब्बू, डैनी, अनुपम खेर जैसे सितारों ने लखनऊ और आसपास की जगहों पर शूटिंग की है। और अगले महीने बॉलीवुड के कई बड़े स्टार और मेकर्स शहर यूपी का रुख करने वाले हैं।
Read also: मानुषी छिल्लर की हिंदी सिनेमा में उड़ान देखने के लिए उत्साहित हैं अक्षय कुमार

महमूदाबाद किले में हो रही भूलभुलैया 2
कोविड के चलते लगने वाले लॉकडाउन से पहले अनीस बजमी अपनी हिट फिल्म भूलभुलैया के सीक्वेल भूलभुलैया 2 (Bhool Bhulaiya 2) की शूटिंग कर रहे थे। कोरोना काल के चलते शूटिंग को पोस्टफोन कर दिया गया था। हालांकि फिल्म का कुछ ही काम बाकी रह गया था जिसके लिए अनीस चार दिन पहले लखनऊ पहुंचे थे। फिल्म लगभग पूरी हो गई है इस बार तब्बू के साथ उन्होंने लखनऊ और आसपास की कुछ लोकेशंस पर शूट किया है। फिल्म के कुछ अहम सीन लखनऊ से कुछ दूरी पर स्थित महमूदाबाद किले में शूट किए जा रहे हैं। बुधवार को अनीस बजमी ने क्राउड के साथ कुछ सीन शूट किए।

सूरज बड़जात्या ने किया चेक आउट
मैंने प्यार किया, हम साथ-साथ हैं, हम आपके हैं कौन और प्रेम रतन धन पायो जैसी फिल्म बनाने वाले सूरज बड़जात्या पिछले कुछ दिनों से लखनऊ में थे। वह अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) के साथ अपनी फिल्म ऊचाई की शूटिंग के लिए आए थे। सूत्रों के अनुसार ऊंचाई चार दोस्तों की कहानी है और यह चार दोस्त होंगे अमिताभ बच्चन, डैनी डेन्जोंगपा, अनुपम खेर और बोमन ईरानी। परीनीती चोपड़ा भी नए कलेवर में नजर आएंगी। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और पहले स्टार और सबसे बाद में बुधवार की सुबह सूरज बड़जात्या मुम्बई के लिए रवाना हो गए।
एक महीने में दो बार लखनऊ आए बिग बी
लखनऊ में गुलाबो सिताबो (Gulabo Sitabo) कर चुके अमिताभ बच्चन इस बार दो फिल्मों की शूटिंग के लिए शहर आए। 20 मार्च को वह पूजा कौल के निर्देशन बन रही फिल्म द उमेश क्रोनिकल्स के लिए लखनऊ में मौजूद थे। इस को करने के बाद वह दोबारा मार्च के ही आखिरी हफ्ते में सूरज बड़जात्या की ऊंचाई के लिए लखनऊ में थे। है। वहीं मार्च के पहले ही सप्ताह में सनी देओल और निर्देशक अनिल शर्मा फिल्म गदर 2 की शूटिंग के लिए शहर में मौजूद थे।

Read also: अटैक पर बोलीं रकुल प्रीत: हम सब इस तरह की फिल्मों के लिए तैयार हैं
अप्रैल में होंगी जाहन्वी कपूर
लखनऊ में द कारगिल गर्ल की शूटिंग कर चुकीं जाहन्वी कपूर (Jhanvi Kapoor) अगले महीने शहर में होंगी। इस बार वह नितीश तिवारी की फिल्म टाइम प्लीज के लिए आ रही हैं। उनके साथ इस फिल्म में होंगे वरुण धवन। इसके अलावा कई फॉरेन प्रोजेक्ट भी अगले महीने लखनऊ कानपुर में शेड्यूल्ड हैं। यूपी में होने वाली फिल्मों में सबसे ज्यादा काम कर रहे लाइन प्रोड्यूसर डिक्की सिंह कहते हैं कि अप्रैल में तीन से चार बड़ी फिल्में आ रही हैं। इसमें सीरीज भी होंगी और आगे भी कई प्रोजेक्ट्स लाइनअप हैं। अब तो रेकी के लिए आए दिन बॉलिवुड से बड़े मेकर्स आ रहे हैं। खास बात यह है कि सभी को यहां पर शूटिंग करना काफी फ्रेंडली लगता है। सूरज सर की बात करूं तो उन्हें यह शहर काफी पसंद आया।

