केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव से पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि वह इस संसदीय क्षेत्र के लोगों के लिए अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा से बेहतर प्रतिनिधि की कल्पना नहीं कर सकते। वायनाड के पूर्व सांसद ने उक्त सीट से वाड्रा की जीत का भी भरोसा जताया और कहा कि वह संसद में एक शक्तिशाली आवाज बनेंगी।
वायनाड निर्वाचन क्षेत्र से वाड्रा के नामांकन दाखिल करने की जानकारी देते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने बुधवार को कहा कि वायनाड के लोगों के लिए मेरे दिल में एक विशेष स्थान है, और मैं अपनी बहन प्रियं का गांधी वाड्रा से बेहतर उनके लिए किसी और प्रतिनिधि की कल्पना नहीं कर सकता। मुझे विश्वास है कि वह वायनाड की जरूरतों की एक जोशीली चैंपियन और संसद में एक शक्तिशाली आवाज बनेंगी।
राहुल के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी वाड्रा के साथ नामांकन दाखिल करने के दौरान मौजूद रहेंगी। पहली बार चुनावी मैदान में उतरने जा रहीं वाड्रा दोपहर 12 बजे कलपेट्टा में रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष नामांकन दाखिल करेंगी। इस अवसर पर कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रमुख राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय पार्टी नेता भी मौजूद रहेंगे। नामांकन से पहले राहुल और वाड्रा सुबह 11 बजे कलपेट्टा न्यू बस स्टैंड से रोड शो की अगुवाई करेंगे। राहुल के सांसद पद से इस्तीफा देने के बाद वायनाड संसदीय उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था।
उल्लेखनीय है कि जून में कांग्रेस प्रमुख ने घोषणा की थी कि राहुल रायबरेली लोकसभा सीट पर बने रहेंगे और वायनाड संसदीय क्षेत्र खाली कर देंगे। बाद में उन्होंने वायनाड सीट से सांसद पद से इस्तीफा दे दिया था। लोकसभा चुनाव में उन्होंने दोनों संसदीय सीटों से जीत दर्ज की थी। वायनाड संसदीय क्षेत्र के लिए मतदान 13 नवंबर को होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच 28 अक्टूबर को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है। मतगणना 23 नवंबर को होगी।

