कल रात मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड का मान मर्दन करके भारत का टी 20 विश्व कप के फाइनल में शानदार तरीके से प्रवेश हुआ. ठीक उसी तरह जिस तरह साउथ अफ्रीका ने अफ़ग़ानिस्तान को रौंदकर फाइनल में प्रवेश किया था. दोनों ही सेमीफाइनल एकतरफा खेले गए मगर अच्छी बात ये रही कि फाइनल में वो दो टीमें पहुंची जो अबतक इस विश्व कप में अजेय हैं, जो पूरी तरह से फाइनल के लिए डिज़र्व करती थी. भारतीय गेंदबाज़ों ने एकबार फिर अपना जौहर दिखाया और एक ऐसे स्कोर को डिफेंड किया जो मॉडर्न क्रिकेट में साधारण माना जा है. 171 का स्कोर आज की फटाफट क्रिकेट में कोई बड़ा स्कोर नहीं समझा जाता लेकिन भारतीय गेंदबाज़ों के सामने इंग्लैंड के बल्लेबाज़ों के लिए ये स्कोर पहाड़ जैसा साबित हुआ. शायद यहाँ पर उनका बैजबाल क्रिकेट पूरी तरह फ्लॉप हो गया.
इंग्लैंड के बल्लेबाज़ शुरू में जिस अंदाज़ में आउट हुए वो बैजबाल शैली का ही शिकार दिखे, फिर वो चाहे कप्तान जोस बटलर हों जो अच्छी लय में दिख रहे थे, फिल साल्ट हों या फिर जॉनी बेयरस्टो, तीन विकेट फटाफट गिरने के बाद तो चीज़े इंग्लैंड के हाथ से निकल गयी, उनके हाथ पैर फूल गए और भारतीय गेंदबाज़ पूरी तरह हावी हो गए, विशेषकर अक्षर पटेल ने तो इंग्लैंड की कमर ही तोड़कर रख दी, उसके बाद कुलदीप ने इंग्लैंड का सफाया कर दिया और बुमराह तो हमेशा की तरह बेमिसाल रहे. इंग्लैंड के लिए सिर्फ हैरी ब्रूक ही कुछ देर विकेट पर टिक सके और सबसे ज़्यादा 25 रन बनाये, बटलर ने 23 और जोफ्रा आर्चर ने 21 रनों की पारी खेली. अक्षर और कुलदीप ने तीन तीन और बुमराह ने दो विकेट हासिल किये। इंग्लैंड की पूरी टीम 16.4 ओवरों में 103 रनों पर ढेर हो गयी.
इससे पहले भारतीय टीम ने सात विकेट खोकर 171 रनों का स्कोर खड़ा किया। विराट कोहली के निराशाजनक प्रदर्शन का दौर जारी रहा, ऋषभ पंत भी जल्दी आउट गए लेकिन रोहित शर्मा अपने पिछले मैच वाले अंदाज़ में ही नज़र आये, सूर्यकुमार के साथ मिलकर रोहित ने 73 रनों की साझेदारी की. रोहित 57 रन बनाकर आदिल रशीद की गेंद पर बोल्ड हो गए, सूर्यकुमार भी जल्द ही 47 रन बनाकर सीमा रेखा पर जोफ्रा आर्चर की गेंद पर कैच हो गए। इसके बाद हार्दिक पांड्या और रविंद्र जडेजा क्रमशः 23 और 17 रनों की छोटी मगर धुंआधार पारियों खेलीं जिनकी बदौलत टीम एक अच्छा स्कोर खड़ा करने में कामयाब हो गयी. इंग्लैंड के लिए क्रिस जॉर्डन सबसे सफल गेंदबाज़ रहे जिनके हिस्से में तीन विकेट आये. 29 मई को बारबाडोस में भारत अब जहाँ अपना दूसरा टी 20 विश्व कप जीतने के लिए मैदान में उतरेगा वहीँ साउथ अफ्रीका अपने पहले ICC विश्व कप की ट्रॉफी तलाशेगा। याद रहे कि ये उसका पहला ICC वर्ल्ड कप फाइनल है.

