नहीं हुई वोटिंग, ध्वनि से ओम बिरला बने स्पीकर

नेशनलनहीं हुई वोटिंग, ध्वनि से ओम बिरला बने स्पीकर

Date:

ओम बिरला एक बार फिर लोकसभा के अध्यक्ष बन गए हैं। बुधवार को ध्वनि मत से उन्हें अध्यक्ष चुन लिया गया। आपको बता दें कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने राजस्थान के कोटा से तीसरी बार सांसद ओम बिरला को अपना उम्मीदवार बनाया था। वहीं विपक्षी दल इंडिया ब्लॉक ने केरल के मवेलीकारा से 8 बार सांसद कोडिकुन्निल सुरेश को मैदान में उतारा था। ओम बिरला के अध्यक्ष चुने जाने के बाद सदन के नेता नरेंद्र मोदी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी उन्हें अध्यक्ष के आसन तक ले गए। ओम बिरला के आसन पर पहुंचने पर प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब ने उन्हें कुर्सी सौंपी।

प्रधानमंत्री मोदी ने ओम बिरला को दूसरी बार अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि हम सभी को विश्वास है कि आप अगले पांच साल तक हम सभी का मार्गदर्शन करेंगे। हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि विनम्र और शिष्ट व्यक्ति ही सफल व्यक्ति की तरह होता है। दूसरी बार स्पीकर का पदभार मिलने से हम नए कीर्तिमान बनते देख रहे हैं। बलराम जाखड़ जी पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा स्पीकर बने। उनके बाद आपको ही ये अवसर मिला है। आप विजयी हुए हैं। आपने नया इतिहास रच दिया है। हम में से अधिकतर सांसद आपसे परिचित हैं। एक सांसद के तौर पर आप जिस तरह से काम करते हैं, वो भी जानने और सीखने लायक है।

विपक्ष के नेता राहुल गाँधी ने ओम बिरला को बधाई देते हुए याद दिलाया कि इसबार विपक्ष पहले की तुलना में बहुत मज़बूत है, इसलिए अपेक्षा रखता है सदन की कार्रवाई संविधान के मुताबिक होगी। देश की जनता ने विपक्ष को संविधान बचाने का जनमत दिया है. वहीँ सदन में तीसरे नंबर की सबसे बड़ी पार्टी समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने ओम बिरला पर कई कटाक्ष किये। उन्होंने कहा कि वो उम्मीद करते हैं कि सदन की कार्रवाई उनके इशारे पर चलेगी, किसी और के इशारे पर नहीं। अखिलेश ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस बार सदस्यों के निष्काषन जैसी कार्रवाई नहीं होगी और विपक्ष के सभी सदस्यों को बोलने का पूरा मौका दिया जायेगा।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related