अमित बिश्नोई
टी 20 विश्व कप का लीग चरण पूरा हो गया है, सुपर 8 में पहुँचने वाली टीमें भी फाइनल हो गयी हैं. इन आठ टीमों को दो ग्रुप में बाँट दिया गया है. ग्रुप 1 में अफ़ग़ानिस्तान, भारत, ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश है जबकि ग्रुप 2 में साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और यूएसए को रखा गया है. लीग राउंड में विशेषकर अमेरिका में होने वाले मैचों निहायत घटिया क्रिकेटिंग माहौल में खेलने के बाद वहां से सर्वाइव करके वेस्टइंडीज पहुंची टीमों के लिए एक बहुत बड़ी राहत की बात होगी. अमेरिका के मैदानों पर जितने भी मैच खेले गए वो बल्लेबाज़ों के लिए किसी डरावने ख्वाब से कम नहीं थे, बड़े से बड़े बल्लेबाज़ की प्रतिष्ठा वहां पर धूमिल हुई जबकि गेंदबाज़ों के लिए अमेरिका चरण एक सूंदर सपने की तरह रहा। इस तरह कहा जा सकता है कि वेस्टइंडीज में नज़ारा बदला हुआ नज़र आ सकता है, अमेरिका के हीरो वेस्टइंडीज में जीरो भी नज़र आ सकते हैं है वहीँ जीरो साबित हुए खिलाडी यहाँ हीरो बन सकते हैं.
यूएसए की टीम पर लोगों की ख़ास नज़र होगी क्यों सुपर आठ में वो अकेली ऐसी टीम है जिसके बारे में इस विश्व कप से पहले कोई ज़्यादा जानता नहीं था. पाकिस्तान को हराकर उसने एक सनसनी पैदा कर दी, जिसका खामियाज़ा उसे बेआबरू होकर टूर्नामेंट से बाहर होकर भुगतना पड़ा. आयरलैंड के खिलाफ मैच रद्द होना उसके लिए बड़ा फायदेमंद साबित हुआ और उसे विश्व कप में अपने पहले ही प्रयास में सुपर 8 में जगह मिल गयी. इसलिए अब उसपर लोगों की निगाहें रहेंगी। अमेरिकी पिचों पर तो उसके खिलाडियों ने काफी प्रभावित किया लेकिन देखना होगा कि वेस्टइंडीज में वो कैसा प्रदर्शन कर पाते हैं हालाँकि अमेरिकी टीम में कई वेस्टइंडीज मूल के खिलाड़ी खेल रहे हैं जिन्होंने वहां पर काफी क्रिकेट भी खेली हुई है. फिर भी देखना होगा कि पाकिस्तान के खिलाफ उसका प्रदर्शन उसका सिर्फ एक अच्छा दिन था या फिर वाकई में वो एक अच्छी टीम है, यहाँ ये बात भी ध्यान रखनी चाहिए कि अमेरिका की टीम को विश्व कप में इंट्री मेज़बान होने के नाते मिली थी, उसने क्वालीफाई नहीं किया था.
क्रिकेट प्रेमियों के लिए तो विश्व कप अब शुरू हुआ है, वेस्टइंडीज में एक बेहतर माहौल में क्रिकेट मिलेगी, गेंदबाज़ों की मदद करने वाले मैदान भी मिलेंगे, स्पिनर्स को हेल्प करने वाली पिचें भी दिखेंगी और बड़े स्कोर भी नज़र आएंगे यानि एक संतुलन रहेगा, अमरीकी मैदानों की तरह एकतरफा रवैया नहीं होगा, मौसम भी वेस्टइंडीज में बेहतर मिलेगा, यहाँ पर अमेरिका की तरह मैचों के रद्द होने का ज़्यादा खतरा नहीं होगा। टीमों की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका ने अपने सभी मैच जीते, अफ़ग़ानिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच मैच आज खेला जायेगा, इनमें कोई एक टीम अपने सभी मैच जीतेगी, भारत का एक मैच रद्द हो गया, जो तीन मैच खेले उसने जीते।
अबतक के प्रदर्शन की बात करें तो अफ़ग़ानिस्तान ने बहुत ज़्यादा प्रभावित किया है, उसने अपने सभी मैच बड़े अंतर से जीते हैं, बल्लेबाज़ी हो या गेंदबाज़ी शानदार प्रदर्शन किया है इसलिए कहा जा सकता है कि कम से कम सेमी फाइनल खेलने की वो मज़बूत दावेदार है. ऑस्ट्रलिया ने अपने सभी मैच जीते, उसे सिर्फ स्कॉटलैंड वाले मैच में परेशानी का सामना करना पड़ा, फिर भी स्टोइनिस ने उसका बेड़ा पार लगा दिया, अंतिम चार की एक कन्फर्म टीम ऑस्ट्रेलिया हो सकती है. साउथ अफ्रीका ने भले ही अपने चारों मैच जीते हैं लेकिन ये सच है कि दो मैच किस्मत के सहारे वो जीत पायी थी, लीग की तरह सुपर 8 में भी अगर उसका प्रदर्शन रहा तो उसका अंतिम चार में पहुंचना मुश्किल। टीम इंडिया की क्षमताओं पर किसी को कोई शक नहीं, ये भारतीय टीम ही थी जिसने पाकिस्तान के जबड़े से जीत को एक बार फिर छीन लिया। गेंदबाज़ी तो बेहतर प्रदर्शन कर ही रही है, वेस्टइंडीज के मैदानों पर बल्लेबाज़ अपना जौहर दिखाएंगे , अंतिम चार के लिए मेरी फेवरिट टीम तो यही है. सुपर आठ में इंग्लैंड को भी एंट्री मिल गयी है, अगर स्कॉटलैंड ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतिम ओवरों में थोड़ी अच्छी गेंदबाज़ी कर देता तो इंग्लैंड की टीम भी पाकिस्तान, न्यूज़ीलैण्ड और श्रीलंका की तरह अपने बैग पैक कर रही होती.
मेज़बान वेस्टइंडीज ने अपनी मेज़बानी का पूरा फायदा उठाया है, अपने सभी चारों मैचों में उसने जुझारू प्रदर्शन किया है. निश्चित ही घरेलू कंडीशन का उसे फायदा मिल रहा है और अंतिम चार में पहुँचने वाली वो तीसरी टीम हो सकती है. बांग्लादेश की टीम की परफॉरमेंस को देखकर लगता नहीं कि वो सेमीफाइनल में दाखिला ले सकती है, वहीँ यूएएसए के लिए सुपर 8 में पहुंचना ही किसी कारनामे से कम नहीं है, हालंकि उनके कोच स्टुअर्ट लॉ का तो कहना है कि वो सिर्फ भाग लेने नहीं बल्कि जीतने आये हैं लेकिन ये बात तो सभी टीमें कहती हैं, कोई भी टीम हारने के लिए नहीं आती. इस तरह मेरे लिहाज़ से सुपर 8 का दौर ख़त्म होने के बाद मैं भारत, ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज, अफ़ग़ानिस्तान और इंग्लैंड, इन पांच टीमों में सेमी फ़ाइनल लाइन अप देख रहा हूँ. मज़ा तो अब आने वाला है, पार्टी तो अब शुरू होने वाली है.

